'आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मकता’ पर राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन ‘मिश्रित मोड में शिक्षकों के क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण’ पर विचार-विमर्श हुआ। ‘निष्ठा’ ने शिक्षकों की गुणवत्ता में सुधार और छात्रों के सीखने के परिणामों पर ध्यान देने के साथ 35 लाख पूर्व-प्राथमिक, प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के शिक्षकों को कवर किया।
महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ ने एफएलएन प्रथाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन प्रस्तुत किया। फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी (आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मकता) पर राष्ट्रीय सम्मेलन का दूसरा दिन आज पुणे में आयोजित हुआ। सम्मेलन का आयोजन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को 'मिश्रित मोड में शिक्षकों के क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण' पर चर्चा करने के लिए एक साथ लाने के लिए किया गया था। इस कार्यक्रम में श्री संजय कुमार, सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग; प्रोफेसर सुरेश गोसावी, कुलपति, सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय; एवं शिक्षा मंत्रालय और राज्य शिक्षा विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर बोलते हुए, श्रीमती लामचोंघोई स्वीटी चांगसन ने ‘निष्ठा’ के बारे में बात की - जो 2019 में शुरू की गई ‘स्कूल प्रमुखों और शिक्षकों की समग्र उन्नति के लिए राष्ट्रीय पहल’ है। इसे 2021-22 में मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मकता और माध्यमिक स्तर तक बढ़ाया गया। इसके तहत शिक्षकों की गुणवत्ता में सुधार और छात्रों के सीखने के परिणामों पर ध्यान देने का प्रयास किया जा रहा है और इसमें पूर्व-प्राथमिक, प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के और इसमें 35 लाख शिक्षक शामिल हैं।
उन्होंने शैक्षणिक परिप्रेक्ष्य से दृष्टिकोण को मजबूत करने के लिए 20 अक्टूबर 2022 को जारी फाउंडेशनल स्टेज के लिए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (एनसीएफ) का भी उल्लेख किया। इस रूपरेखा का उद्देश्य एक प्रणालीगत सामान्य आधार प्रदान करना और पूरे देश में मानकीकृत, ग्रेड के अनुसार सीखने के परिणामों को सक्षम करना है।
उन्होंने सीखने के मिश्रित रूप पर प्रकाश डाला, जो सीखने के अनुभव को बढ़ाने, प्रभावशीलता को अधिकतम करने और शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के लिए पारंपरिक दृष्टिकोण और ऑनलाइन सीखने को एक साथ जोड़ती है। उन्होंने कहा कि मिश्रित शिक्षण को टिकाऊ/सतत बनाने के लिए यह जरूरी है कि शिक्षक परिवर्तनों के अनुकूल कौशल, ज्ञान और शैक्षणिक दृष्टिकोण से अच्छी तरह से सुसज्जित हों और मिश्रित शिक्षण विधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने में भी सक्षम हों।
प्रो. सुरेश गोसावी ने वर्तमान में आयोजित की जा रही एफएलएन प्रदर्शनी पर प्रकाश डाला, जिसमें जी20 देश, भारतीय राज्य, कॉर्पोरेट, अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियां, स्वायत्त निकाय और नागरिक समाज संगठन अपना काम प्रदर्शित कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदर्शनी कुछ सर्वोत्तम प्रथाओं को प्रदर्शित कर रही है जहां सभी हितधारक समयबद्ध तरीके से एफएलएन लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए तैनात हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के मंच हमारे सामूहिक विकास का अवसर प्रदान करते हैं और किसी भी समस्या को कभी भी अलग-थलग करके हल नहीं किया जा सकता है।
महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्यों ने संबंधित राज्यों की आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मक अभ्यासों का एक प्रभावशाली प्रदर्शन प्रस्तुत किया। सुश्री अर्चना शर्मा अवस्थी, संयुक्त सचिव, स्कूल शिक्षा ने दिन के कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में शामिल सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव दिया।

0 टिप्पणियाँ