जयस्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे।
पुणे, जनवरी (जिमाका)
उपमुख्यमंत्री तथा जिले के पालकमंत्री अजीत पवार ने कोरेगांव भीमा (पेरणे फाटा) स्थित जयस्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। यहां गृहमंत्री अनिल देशमुख, ऊर्जा मंत्री डॉ. नितिन राऊत, विधायक अशोक पवार, कोल्हापुर परिक्षेत्र के विशेष पुलिस महानिरीक्षक मनोज लोहिया, जिलाधिकारी डॉ. राजेश देशमुख, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनव देशमुख, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी आयुष प्रसाद, प्रांताधिकारी सचिन बारवकर, संतोषकुमार देशमुख सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर और केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने भी जय स्तंभ पर आकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
‘जयस्तंभ’ पर हर साल लाखों लोग इस युद्ध की बरसी पर श्रद्धांजलि देने के लिए जुटते हैं। यह लड़ाई एक जनवरी, 1818 को ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी और मराठा शासकों के पेशवा योद्धाओं के बीच हुई थी।
कोविड-19 की वजह से जिला प्रशासन और भीमा कोरेगांव विजयस्तंभ शौर्यदिन समन्वय समिति ने लोगों से अपील की है कि वे स्मारक पर आने से बचें और घर पर ही रहकर श्रद्धांजलि अर्पित करें।
जिला प्रशासन ने सीआरपीसी की धारा 144 लगा दी है, जिसके तहत पेरणे और अन्य गांवों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। हालांकि विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक पार्टियों के गणमान्य नेताओं को यहां आने और श्रद्धांजलि अर्पित करने की अनुमति दी गई है।


0 टिप्पणियाँ