मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

राज्य के प्रत्येक पात्र नागरिक को कोरोना वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकार : उपमुख्यमंत्री अजीत पवार

वरिष्ठ नागरिक व विकलांग व्यक्तियों के लिए हड़पसर में ‘ड्राइव इन वैक्सिनेशन सेंटर’ शुरू
विधायक चेतन तुपे की पहल से हड़पसर में पहला ‘ड्राइव इन वैक्सिनेशन सेंटर’ का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री अजीत पवार द्वारा मंत्रालय स्थित उपमुख्यमंत्री कार्यालय समिति के सभागृह में ऑनलाइन पद्धति से किया गया, इस अवसर पर विकलांग न्यूज़ पेपर विक्रेता को कोरोना निवारक टीका लगाती हुई परिचारिका, साथ में विधायक चेतन तुपे, डॉ. शंतनू जगदाले व अन्य उक्त चित्र में दिखाई दे रहे हैं।
हड़पसर, जून (ह.ए. प्रतिनिधि)

कोरोना निवारक टीका अधिक से अधिक लोगों तक उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है और राज्य के प्रत्येक पात्र नागरिक का टीकाकरण करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। पुणे जिला टीकाकरण में अग्रणी है। पुणे शहर के हड़पसर परिसर में शुरू किए गए ‘ड्राइव इन वैक्सिनेशन सेंटर’ वरिष्ठ नागरिक, विकलांग नागरिकों को सुलभ सेवा देनेवाला साबित होगा। यह विश्वास महाराष्ट्र राज्य के उपमुख्यमंत्री तथा पुणे के पालकमंत्री अजीत पवार ने व्यक्त करते हुए आगे कहा कि राज्य के साथ पुणे शहर में कोरोना संक्रमितों    की संख्या कम हो रही है, जो संतोषजनक बात है। फिर भी संभावित तीसरी लहर को देखते  हुए सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
हड़पसर विधानसभा चुनाव क्षेत्र के विधायक चेतन तुपे की पहल से हड़पसर स्थित स्व. विट्ठल तुपे पाटिल नाट्यगृह की पार्किंग की जगह में शुरू किए जानेवाले पहले ‘ड्राइव इन वैक्सिनेशन सेंटर’ का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री अजीत पवार द्वारा मंत्रालय स्थित उपमुख्यमंत्री कार्यालय समिति के सभागृह में ऑनलाइन पद्धति से किया गया, तब वे बोल रहे थे। इस अवसर पर  सांसद वंदना चव्हाण (वीसी द्वारा), सांसद डॉ. अमोल कोल्हे (वीसी द्वारा), विधायक चेतन तुपे, पुणे महानगर पालिका आयुक्त विक्रमकुमार, अतिरिक्त आयुक्त रुबल अग्रवाल, नगरसेविका वैशाली बनकर, हेमलता मगर, पूजा कोद्रे, नगरसेवक योगेश ससाणे, गणेश ढोरे, पूर्व उपमहापौर निलेश मगर, पूर्व नगरसेवक सुनील बनकर, राकांपा हड़पसर विधानसभा  चुनाव क्षेत्र के अध्यक्ष डॉ. शंतनू जगदाले, स्थानीय नागरिक, विविध संस्थाओं के पदाधिकारी, अधिकारी ऑनलाइन, ऑफलाइन पद्धति से उपस्थित थे। 
पुण्यश्लोक राजमाता अहिल्यादेवी होलकर की जयंती के अवसर पर उनके कार्य एवं विचारों को स्मरण कर उन्हें कृतज्ञतापूर्वक वंदन करके उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने आगे कहा कि कोरोना संकट को शिकस्त दी जाए इस हेतु  डॉक्टर, नर्सेस आदि के साथ राज्य का स्वास्थ्य विभाग शक्ति से लड़ रहा है। कोरोना को हराने के लिए राज्य के हर नागरिक को टीका लगाने के लिए शासन निरंतर प्रयासरत है। सरकार विदेशों से वैक्सीन खरीदने को भी तैयार है। पुणे में वैक्सीन उत्पादक भारत बायोटेक के प्लांट के लिए जमीन उपलब्ध करा दी गई। यहां भी वैक्सीन का उत्पादन जल्द शुरू होगा। इस माध्यम से कोरोना निवारक टीकाकरण को पूरा करने में तेजी लाने का प्रयास राज्य सरकार कर रही है।
आगे उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पुणे शहर के हड़पसर में शुरू किया गया ‘ड्राइव इन वैक्सिनेशन सेंटर’ के माध्यम से वरिष्ठ नागरिक, विकलांग नागरिकों के लिए अच्छी गुणवत्तावाली सेवा उपलब्ध हुई है। कोरोना की दूसरी लहर का हम सफलतापूर्वक मुकाबला कर रहे हैं। संभावित तीसरी लहर के जोखिम को देखते हुए किसी भी स्थिति में बेफ़िक्र नहीं रहा जा सकता। राज्य शासन ने भी तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए बाल रोग विशेषज्ञों की टास्क फोर्स बनाई है। बारिश के मौसम में कोरोना समेत अन्य बीमारियां नहीं बढ़ेंगी, इस संबंध में भी सतर्क रहने की सलाह देकर हम सभी को मिलकर कोरोना संकट का सामना करना है। नागरिकों से उन्होंने अपील की है कि वे कोरोना को हराने के लिए दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
सांसद डॉ. अमोल कोल्हे ने कहा कि ‘ड्राइव इन वैक्सिनेशन सेंटर’ वरिष्ठ नागरिकों, विकलांग नागरिकों के लिए सुविधाजनक होगा। कोरोना संक्रमण से सफलतापूर्वक लड़ने के लिए यह आगे का कदम है।
सांसद वंदना चव्हाण ने कहा कि पुणे में कोरोना संक्रमण के मामले बड़ी संख्या में बढ़ रहे थे, यह संतोषजनक बात है कि प्रशासन के प्रयासों से संख्या घट रही है। टीकाकरण सरलता से होना समय की जरूरत है। इस तरह के सेंटर के माध्यम से टीकाकरण सुलभ होगा। 
विधायक चेतन तुपे ने इस अवसर पर कहा कि हड़पसर में पुणे शहर का पहला जो ‘ड्राइव इन वैक्सिनेशन सेंटर’ शुरू किया गया है वो वरिष्ठ नागरिक, विकलांग नागरिकों को सेवा देने के लिए महत्त्वपूर्ण साबित होगा।     महानगरपालिका के बड़े स्कूल में इस पद्धति से सुविधा प्रदान की  गई तो टीकाकरण में सरलता आएगी। ‘ड्राइव इन वैक्सिनेशन सेंटर’ के माध्यम से टीकाकरण में गुणवत्ता सेवा देने पर विशेष   ध्यान रहेगा। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ