पुणे, अगस्त (ह.ए. प्रतिनिधि)
मध्य रेल के मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य सिगनल एवं दूर संचार इंजीनियर श्री ए. के. श्रीवास्तव ने पुणे रेल मंडल के मिरज स्टेशन पर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के हिंदी कामकाज का निरीक्षण किया और मिरज स्टेशन राजभाषा कार्य उपसमिति के सदस्यों के साथ चर्चा करते हुए कार्यालयीन कार्य की समीक्षा कर उन्हें अधिकाधिक दैनिक कार्यालयीन कार्य हिंदी में करने के लिए प्रेरित किया। हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को इस अवसर पर मुख्य राजभाषा अधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया गया। श्रीवास्तव ने मिरज स्टेशन स्थित रामधारी सिंह दिनकर हिंदी पुस्तकालय एवं वाचनालय का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने मिरज स्टेशन पर राजभाषा निरीक्षण के साथ-साथ सिगनल विभाग का आर आर आई निरीक्षण किया एवं सिग्नल विभाग के 35 कर्मचारियों को सेफ्टी नियमों का उचित पालन करते हुए कार्य करने हेतु काउंसलिंग किया। सराहनीय कार्य करने वाले 32 कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
सिग्नल प्रणाली के लिए स्टेशन रिकॉर्ड पुस्तिका द्विभाषा में जारी कर उसका विमोचन किया। उन्होंने किर्लोस्करवाड़ी स्टेशन तथा समपार फाटक का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्रीवास्तव के साथ वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूर संचार इंजीनियर विकास पाराशर, मंडल सिगनल एवं दूर संचार इंजीनियर सुधांशु मित्तल, सहायक मंडल सिग्नल एवं दूर संचार इंजीनियर राजीव जैन, सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर एम.जी. लाड, मंडल के राजभाषा अधिकारी डॉ. शंकरसिंह परिहार, स्टेशन अधीक्षक मिरज तथा मिरज स्टेशन डिपो प्रभारी एवं कर्मचारी वर्ग उपस्थित थे।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

0 टिप्पणियाँ