मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में कई स्थानों पर अगले तीन चार दिनों में अत्यधिक वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है और अगले दो दिन में कुछ स्थानों पर मूसलाधार वर्षा की आशंका व्यक्त की गयी है।
महाराष्ट्र के कोयना बांध के निकट के क्षेत्रों मे कल से मुसलाधार बारिश शुरू है जिसके कारण बांध के निकट तटवर्ती इलाके के गांवों को सतर्क कर दिया गया है। सातारा जिले में महाबलेश्वर समेत कई जगह कल मूसलाधार बारिश हुई। नासिक जिले में भी दो दिनों से बारिश हो रही है जिसके कारण कई बांध बहने की स्थिति में है। राज्य के अन्य जगहों पर भी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पालघर क्षेत्र के लिये 15 सितंबर तक ऑरेंज एलर्ट घोषित किया है। थाणे जिले के स्थानीय अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है। रायगड, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, पुणे, सातारा और कोल्हापुर जिले में कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने विदर्भ क्षेत्र के जिलों के लिये भी तेरह सितंबर तक एलर्ट जारी किया है।

0 टिप्पणियाँ