मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे रेल मंडल के ढांचागत विकास से जुड़े सभी मामलों में पूर्ण समर्थन और सहयोग देने का सांसद गिरीश बापट द्वारा आश्वासन

विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के लिए पुणे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में किया गया बैठक का आयोजन
पुणे, सितंबर (ह.ए. प्रतिनिधि)

पुणे के सांसद श्री गिरीश बापट के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के लिए पुणे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रकाश उपाध्याय सहित कई शाखा अधिकारी, आईआरएसडीसी के नोडल अधिकारी, अपर मुख्य परियोजना प्रबंधक (यूजी) / मेट्रो, मेट्रो रेल के प्रतिनिधि तथा एमआरडीआईसीएल महारेल के अधिकारी शामिल हुए।
श्री बापट द्वारा पुणे-मिरज रेलमार्ग का दोहरीकरण, पुणे-नासिक रेल परियोजना, हड़पसर सेटेलाइट टर्मिनल का विकास,  पुणे- मिरज-कोल्हापुर रेलमार्ग का विद्युतीकरण, पुणे यार्ड रीमॉडलिंग, पुणे-लोनावला के बीच तीसरी-चौथी रेलवे लाइन, मालधक्का गुड्स शेड, पुणे स्टेशन पर भीड़भाड़ कम करने के लिए शिवाजीनगर और खड़की स्टेशन के स्टेशन परिसर का विकास/ विस्तार के लिए भविष्य की प्रस्तावित योजना आदि मुद्दों पर चर्चा की गई। 
उन्होंने  सुझाव दिया कि भूमि अधिग्रहण के साथ कुछ ऐसे मामले हैं, जिनके लिए रेलवे अधिकारियों द्वारा राज्य सरकार, प्राधिकरण, अन्य विभाग जैसे निगम, मेट्रो के अधिकारियों के साथ बैठक की जानी चाहिए और जहां आवश्यक हो लोकेशनों का दौरा भी किया जाना चाहिए।
श्री बापट ने मंडल के ढांचागत विकास से जुड़े सभी मामलों में पूर्ण समर्थन और सहयोग देने का आश्वासन दिया और उनके द्वारा समय-समय पर उठाई गई विभिन्न मांगों को लागू करने के लिए पुणे रेल प्रशासन द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की।
रेल प्रशासन ने सांसद द्वारा बताए गए मुद्दों पर उचित कार्यवाही का भरोसा दिया। यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ