मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

अहमदनगर के जिला अस्पातल के कोविड विभाग में आग : 11 मरीजों की दर्दनाक मौत

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दिए मामले की गहन जांच करने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश
आग में जलकर खाक हुआ आईसीयू विभाग।

अहमदनगर, नवंबर (विप्र)

अहमदनगर के जिला    अस्पताल में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। अस्पताल के आईसीयू में लगी आग से 11 लोगों की जान चली गई है। दमकल की कई गाड़ियों ने मिलकर आग बुझाई। इधर, अस्पताल में एडमिट मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा। इस दौरान अस्पताल में रखे आग बुझाने के उपकरण आग बुझाने में नाकाम रहे, जिससे आग बढ़ गई।
आग शनिवार सुबह 10.30 बजे के आसपास लगी। जिस दौरान यह आग लगी, उस समय आईसीयू वार्ड में 20 लोग मौजूद थे। आईसीयू में कई मरीज ऐसे भी थे, जो वैंटिलेटर पर थे। हॉस्पिटल के वार्ड बॉय, नर्स और डॉक्टर्स ने सभी मरीजों को सेफ वार्ड में  शिफ्ट कर दिया। जिस वार्ड में  आग लगी, वह अस्पताल के बिलकुल बीच में है।
अहमदनगर के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र भोसले ने बताया कि शहर के जिला अस्पताल के आईसीयू विभाग में सुबह 10.30 बजे के करीब आग शॉकसर्किट के कारण लगी है। विभाग में 17 कोरोना के मरीज थे, जिसमें से 11 मरीजों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। जिलाधिकारी डॉ. भोसले ने घटनास्थल का दौरा किया उसके बाद पत्रकारों से बोलते हुए उक्त जानकारी दी। डॉ. भोसले ने बताया कि नाशिक में हुए गैस रिसाव की घटना की पृष्ठभूमि पर अहमदनगर में जिला अस्पताल का फायर ऑडिट किया गया है। घटना की जांच करने के लिए अग्निशमन अधिकारी की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आईसीयू वार्ड में लगी आग पर शोक व्यक्त किया है और मामले की गहन जांच करने और      लापरवाही के लिए जिम्मेदार  लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही जिला कलेक्टर को हादसे की  गहन जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने अहमदनगर जिला अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में भीषण आग पर गहरा दुख व्यक्त किया है और हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। दुर्घटना की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए सभी संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक निवारक उपाय करने के निर्देश दिए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ