मौसम विभाग ने चेन्नई और इसके उपनगरीय इलाकों में 17 और 18 तारीख को तेज से बहुत तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग से जारी बुलेटिन में कहा गया है कि दक्षिणी अंडमान सागर पर कल बना कम दबाव का क्षेत्र अब उत्तरी अंडमान की ओर बढ़ गया है। पश्चिमी और उत्तर के दूरदराज जिलों में आज और कल मूसलाधार वर्षा की संभावना है। इस बीच कन्याकुमारी जिले में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश से राहत मिली है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा ले रहे हैं।
केरल में मूसलाधार वर्षा से पूरे राज्य में व्यापक नुकसान की खबर, सात बांधों के लिए रेड अलर्ट जारी
केरल में मूसलाधार वर्षा और तेज हवाएं जारी हैं। लगातार हो रही वर्षा से पूरे राज्य में व्यापक नुकसान की खबर है। केरल के मध्य और दक्षिणी क्षेत्र में तेज वर्षा हो रही है। राज्य के मौसम विभाग ने आज एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, कोझीकोड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य भर के बांधों में बढ़ते जल स्तर के मद्देनजर चेरुथोनी, मुझियार और पेरिंगलकुथु सहित सात बांधों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश जारी रहने पर मुल्लापेरियार के द्वार आज खोले जा सकते हैं। कोल्लम, पथनमथिट्टा और अलप्पुझा जिलों में सबसे ज्यादा वर्षा हुई और इन जिलों में व्यापक नुकसान की खबर है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे समुद्र में न जाएं। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है।
0 टिप्पणियाँ