मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

भारत और बंगलादेश 2031 में संयुक्त रूप से पुरुषों के आईसीसी क्रिकेट विश्वकप प्रतियोगिता की मेजबानी करेंगे


     आईसीसी ने फैसला किया है कि वर्ष 2031 में पुरुषों के आईसीसी क्रिकेट विश्वकप प्रतियोगिता की मेजबानी संयुक्त रूप से भारत और बंगलादेश करेंगे। प्रतिस्पर्धात्मक बोली प्रक्रिया के माध्यम से इन मेजबानों का चयन किया गया है। मार्टिन स्निडेन की अध्यक्षता वाली बोर्ड की उपसमिति ने बोली की प्रक्रिया की निगरानी की थी। इसमें सौरभ गांगुली और रिकी स्केरिट शामिल थे।
    आईसीसी ने वर्ष 2024 से 2031 तक के पुरूषों के व्हाइट बॉल खेल प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए 14 देशों की पुष्टि कर दी है। मेजबान देशों में 11 देश आईसीसी के पूर्णकालिक सदस्य हैं जबकि तीन देश एसोसिएट सदस्य हैं। इन देशों में दो आईसीसी पुरुष विश्वकप मुकाबले, चार आईसीसी पुरूष टी-ट्वेंटी विश्वकप मुकाबले और दो सदस्य देशों में आईसीसी पुरूष चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
    बंगलादेश, भारत और श्रीलंका के साथ 2011 के विश्वकप की मेजबानी कर चुका है। उसने वर्ष 2014 के टी-ट्वेंटी विश्वकप मुकाबले का भी आयोजन किया था। इन खेलों के मुकाबले की बोली प्रक्रिया के समापन पर खुशी व्यक्त करते हुए आईसीसी के चेयरमैन ग्रेग बार्कले ने कहा कि अमरीका की तरह कुछ अन्य देशों द्वारा पहली बार आईसीसी खेलों का आयोजन किया जाना बहुत उत्साहवर्धक है। वर्ष 2024 के पुरुषों के टी-ट्वेंटी विश्वकप की मेजबानी संयुक्त रूप से अमरीका और वेस्टइंडीज करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ