मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

भारतीय रेल सिविल इंजीनियरिंग संस्थान ने मनाया 64 वां स्थापना दिवस

पुणे, नवंबर (ह.ए. प्रतिनिधि)

पुणे स्थित भारतीय रेल सिविल इंजीनियरिंग संस्थान (इरिसेन) ने अपना (CTI) 64वां स्थापना दिवस 17, 18 और 19 नवंबर, 2021 ‘इरिसेन दिवस’ के रूप में मनाया। इरिसेन भारतीय रेल का केंद्रीकृत प्रशिक्षण संस्थान है जो रेल सेवा में आनेवाले भारतीय रेल इंजीनियरिंग सेवा (IRSE) समूह ‘क’ के अधिकारियों के साथ-साथ भारतीय रेलों के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में सेवारत अधिकारियों को भी प्रशिक्षण प्रदान करता है। 
समारोह की अध्यक्षता सदस्य/संरचना रेलवे बोर्ड श्री संजीव मित्तल ने की। महाप्रबंधक-मध्य रेल श्री ए.के. लाहोटी, महाप्रबंधक-पश्चिम रेल श्री आलोक कंसल, अपर सदस्य-रेलवे बोर्ड श्री ओ.पी. सिंह एवं श्री राजेश अर्गल और अन्य गणमान्य ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इरिसेन, संघ लोकसेवा आयोग के माध्यम से भर्ती हुए भा.रे.इंजी.सेवा (IRSE) के अधिकारियों को रेल सेवा में आने से पूर्व प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ-साथ, सेवारत इंजीनियरों एवं रेल पीएसयू इंजीनियरों के लिए रेल इंजीनियरिंग के उभरते क्षेत्रों में उनके ज्ञान एवं कौशल को उन्नत करने के लिए अनेक विशेष पाठ्यक्रमों का आयोजन करता है।    
इरिसेन पुणे के कोरेगांव पार्क में स्थित है एवं पर्यावरण अनुकूल प्लैटिनम रेटेड ग्रीन बिल्डिंग में रेलवे अधिकारियों को उच्च  स्तररीय प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित है। संस्थान द्वारा वर्ष 2021 में (माह अक्टूबर 2021 तक) 193 पाठ्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें रेलवे के 3,907 अधिकारियों, पर्यवेक्षकों तथा अन्य संगठनों के अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। इस अवसर पर दिनांक 18, नवंबर को निम्नलिखित विषयों पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। 
1. हाई स्पीड एण्ड हैवी एक्सल लोड- फॉर्मेशन एण्ड ट्रैक इश्यूज्।
2. अर्बन ट्रान्सपोर्टेशन सिस्टम- टेक्निकल इश्यूज्।
3. प्रोजेक्ट मैनेजमेंट ऑफ इंडियन रेलवेज्- इंपेक्ट एण्ड मॉनिटरिंग।

भारतीय रेलवे द्वारा किए जा रहे उच्च स्तरीय संरचनागत विकास एवं उन्नयन के वर्तमान परिदृश्य में उपरोक्त विषय अत्यंत प्रासंगिक हैं।
समारोह के दौरान 25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले वर्ष 1994 एवं 1995 बैच के आई.आर.एस.ई. अधिकारियों को सम्मानित किया गया। पिछले दो वर्षों के दौरान आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को पदक एवं पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ