मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

फेस मास्क नहीं पहनने पर यात्रियों पर लगाया गया जुर्माना

पुणे, दिसंबर (ह.ए. प्रतिनिधि)

पुणे रेल मंडल पर फेस मास्क नहीं पहनने पर नवंबर महीने में 75 रेल यात्रियों पर जुर्माना लगाया गया है। इन लोगों से जुर्माने के रूप में  16 हजार 900 रुपए जुर्माना राशि वसूल की गई है। इस वर्ष अप्रैल से नवंबर के आठ महीने की अवधि में बिना मास्क वाले 2627 यात्रियों से जुर्माने के रूप में 6 लाख 29 हजार रुपए की राशि वसूल की गई है। मास्क नहीं पहनने वाले ऐसे लोगों से जुर्माना वसूलने पर रसीद के साथ मास्क भी दिए जा रहे हैं। रेलवे की इस पहल से यात्रियों में जागरुकता आएगी और वे महामारी की गंभीरता को भी समझेंगे।
कोरोना महामारी के चलते वर्तमान स्थिति से निपटने के उपायों के तहत पुणे रेल मंडल  यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे स्टेशन परिसर में तथा रेल यात्रा के दौरान फेस मास्क अवश्य पहनें। स्टेशन तथा ट्रेनों में इधर उधर नहीं थूंकें और गंदगी नहीं करें। साफ सफ़ाई रखने में रेल प्रशासन को सहयोग करें। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि सभी रेल गाड़ियों, उपनगरीय ट्रेनों सहित रेलवे परिसर में कोविड-19 से संबंधित सभी मानदंडों, एसओपी का पालन करें।
आइए हम सभी कोरोना वायरस के प्रसार एवं संक्रमण से स्वयं के साथ साथ दूसरों को भी बचाएं। यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ