मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

थाईलैंड को हराकर जापान सेमीफाइनल में, फीफा विश्व कप का भी मिला टिकट

नवी मुम्बई, जनवरी (जिमाका)

दो बार के मौजूदा चैम्पियन जापान ने रविवार को यहां खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में थाईलैंड को 7-0 से हराकर न सिर्फ एएफसी विमेंस एशियन कप इंडिया 2022 के सेमीफाइनल में प्रवेश किया है बल्कि अगले साल ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के संयुक्त मेजबानी में होने वाले फीफा महिला विश्व कप का टिकट भी हासिल कर कर लिया है। अब सेमीफाइनल में जापान का सामना 8 बार के चैंपियन चीन और वियतनाम के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा। 
थाई टीम 1983 के बाद पहली बार एएफसी विमेंस एशियन कप इंडिया खिताब जीतने का सपना लेकर भारत का रुख किया था लेकिन जापान ने एकतरफा मुकाबले के बाद इस सपने को धूल-धूसरित कर दिया है। थाई टीम हालांकि प्ले ऑफ मुकाबलों के माध्यम से फीफा विश्व कप में खेलने की योग्यता हासिल कर सकती है। 
थाई टीम के लिए क्वार्टर फाइनल में उतरना आसान नहीं था क्योंकि कोविड-19 के कारण उसके कई खिलाड़ी अनफिट थे। यही कारण था कि जापानी टीम ने मैच शुरू होन के साथ ही इस पर अपनी पकड़ बना ली। जापान ने इसके बाद एक-एक करते सात गोल किए और मुकाबला अपने नाम किया। जापान के लिए युइका सुगासावा ने चार गोल किए। युइका ने 27वें, 65वें, 80वें और 83वें मिनट में गोल किए। इसके अलावा रिको यूएकी ने 75वें, रिन सुमिदा ने 48वें और हिनाता मियाजावा ने पहले हाफ की इंजुरी टाइम (45+2) में किया। 
थाई रक्षापंक्ति ने पहले हाफ के 27वें मिनट में एक गोल खाया और ऐसा लगा कि वह इस हाफ में जापान टीम को गोल करने से रोक लेगी लेकिन इंजुरी टाइम में गोल करते हुए हिनाता ने स्कोर 2-0 कर दिया। फिर तो दूसरे हाफ में जापानी टीम ने गोलों की झड़ी लगा दी। सुमिदा ने जहां 48वें मिनट में गोल करते हुए स्कोर 3-0 कर दिया वहीं युइका ने 65वें मिनट में पेनाल्टी पर गोल करते हुए स्कोर 4-0 कर दिया। यूएकी ने जहां आगे बढ़ते हुए 75वें मिनट में गोल कर स्कोर 5-0 किया वहीं यूइका ने 80 वे और 83वें मिनट में गोल कर न सिर्फ अपनी हैट्रिक पूरी की बल्कि अपनी टीम की जीत भी सुनिश्चित कर दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ