मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

रेलवे द्वारा गर्भवती महिला को समय पर कराई गई उपचार व्यवस्था उपलब्ध : स्वस्थ बच्चे को दिया जन्म

पुणे, जनवरी (हड़पसर एक्सप्रेस नेटवर्क न्यूज)

मुंबई-चेन्नई एक्सप्रेस में अपने परिवार के साथ यात्रा करनेवाली एक गर्भवती महिला यात्री को मंगलवार देर रात पुणे स्टेशन से गाड़ी के रवाना होने के बाद प्रसूतिपूर्व पीड़ा की शिकायत होने पर उन्होंने तुरंत मेडिकल सहायता की मांग की। इस की सूचना गाड़ी में तैनात टिकट निरीक्षक शैलेश कुमार द्वारा कंट्रोल कार्यालय को दी गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुणे रेलवे कंट्रोल ऑफिस के कमर्शियल स्टाफ मोहन मूल्या, अजय आनंद, ऑपरेटिंग स्टाफ आर. जी. मीना तथा आर. पी. एफ. स्टाफ एस. जी. धुले द्वारा तुरंत सजगता का परिचय देते हुए उन्होंने आगे लोनी के स्टेशन मास्टर आर. पी. सिंह को डाक्टरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए कहा जिस पर श्री सिंह ने नजदीक के अस्पताल को संपर्क कर गाड़ी के लोनी पहुँचने के पहले ही डाक्टरी टीम बुला ली। डाक्टरी टीम ने गाड़ी के स्टेशन आने पर गर्भवती महिला यात्री को कोच में ही जरुरी प्राथमिक मेडिकल सहायता पहुंचाई एवं महिला ने सामान्य प्रसूति से स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया तथा डाक्टरी सलाह पर परिवार आगे की यात्रा के लिए रवाना हुआ।
रेलवे स्टाफ द्वारा किए गए इस तत्पर मानवीय सहायता एवं प्रशंसनीय कार्य पर मंडल को उन पर गर्व है, जिससे गर्भवती महिला यात्री को समय पर मेडिकल मदद मिल पायी। इस कार्य के लिए मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती नीलम चंद्रा ने रेलवे स्टाफ की सराहना की है। 
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ