मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे रेल मंडल पर मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

पुणे, मार्च (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पुणे मंडल के विभिल्न स्टेशनों, डिपो तथा कार्यालयों में उत्साहपूर्ण वातावरण में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा की अध्यक्षता में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती नीलम चंद्रा, प्रकाश उपाध्याय, महिला सेवा संगठन की उपाध्यक्षा श्रीमती सुधा उपाध्याय, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. तुशाबा शिंदे  सहित अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।
मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा ने  महिला रेल कर्मचारियों द्वारा नियमित रूप से की जा रही महत्वपूर्ण तथा उल्लेखनीय रेल सेवाओं की  सराहना कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने आगे कहा कि महिलाएं अपनी ड्यूटी तथा पारिवारिक जिम्मेदारियां बहुत ही संतुलित रूप से निभाती हैं तथा महिलाएं  विभिन्न क्षेत्रों में जो उपलब्धियां हासिल कर रही हैं, वह समाज के लिए भी प्रेरणा बनेंगी।  इस अवसर पर  श्रीमती नीलम चंद्रा ने कविता  के माध्यम से महिलाओं की विशेष भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी महिला सक्षमीकरण के बारे में अपने विचार रखे। इस अवसर पर  रेल अस्पताल के डॉक्टर ने महिला स्वास्थ्य पर व्याख्यान देकर मार्गदर्शन किया।
मंडल के  विभिन्न विभागों में कार्यरत 18 महिला कर्मचारियों को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा ने सम्मानित किया। विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में मंडल पर रंगोली एवं निबंध की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं तथा विजेताओं को इस कार्यक्रम में पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का संयोजन कार्मिक विभाग द्वारा किया गया तथा सूत्र-संचालन ऐश्वर्या सुभेदार ने किया।
इसके पहले मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा ने घोरपड़ी स्थित कोचिंग कॉम्प्लेक्स  में महिला कर्मचारियों से भेंट की तथा उनसे संवाद कर प्रोत्साहित किया। डीजल शेड, घोरपड़ी में इंजन के रखरखाव का कार्य महिला कर्मचारियों द्वारा किया गया।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ