मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे रेल मंडल ने ऑटोमोबाइल के परिवहन में 45 करोड़ 51 लाख रुपये का रिकार्ड राजस्व अर्जित कर बनाया नया रिकॉर्ड

पुणे, अप्रैल (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
पुणे रेल मंडल माल लदान के क्षेत्र में लगातार प्रयासरत है। मंडल द्वारा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न तरह की वस्तुओं का परिवहन नियमित रूप से किया जाता है, जिसमें ऑटोमोबाइल प्रमुख रूप से शामिल है। ऑटोमोबाइल उत्पाद प्रमुखतः चिंचवड स्टेशन से भेजे जाते हैं तथा लंबे अंतराल के बाद खडकी स्टेशन से भी ऑटोमोबाइल उत्पादों का परिवहन पुनः प्रारंभ किया गया है।
पुणे मंडल ने वित्त वर्ष अप्रैल 2021 से मार्च 2022 तक की अवधि में चिंचवड तथा खडकी स्टेशनों से ऑटोमोबाइल उत्पादों को 7558 वैगनों के जरिये 301 मालगाड़ियों में परिवहन कर 45 करोड़ 51 लाख रुपये का रिकार्ड राजस्व अर्जित किया है। जबकि पिछले वित्त वर्ष के दौरान 103 मालगाड़ियां भेजी गई थीं, जिससे 18 करोड़ 83 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया था। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष राजस्व प्राप्ति में 142% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऑटोमोबाइल परिवहन में प्राप्त की गई वर्तमान उपलब्धि मंडल की स्थापना से अब तक का सर्वश्रेष्ठ का प्रदर्शन है।
देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ  बांग्लादेश तथा नेपाल को भी ऑटोमोबाइल उत्पाद भेजे जा रहे हैं। टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, स्कोडा तथा वोक्सवैगन कंपनी  के वाहन चिंचवड तथा खडकी स्टेशन से परिवहन किए जा रहे हैं।
मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील मिश्रा एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. स्वप्निल निला के नेतृत्व में वाणिज्य तथा परिचालन विभाग की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट टीम के संयुक्त प्रयासों से बेहतर मार्केटिंग की गई, जिसके परिणाम स्वरुप राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न नए गंतव्य एवं ग्राहकों की खोज की गई। रेलवे के शीघ्र परिवहन, किफायती दरों, सुरक्षित परिचालन आदि विशेषताओं के कारण मंडल ने ऑटोमोबाइल परिवहन में नया बिज़नेस प्राप्त करने में सफलता प्राप्त की है।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ