मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

सुभाषनगर के 350 झोपड़ीधारकों को झोपड़पट्टी पुनर्वसन प्राधिकरण योजना के अंतर्गत पक्के घर दिए जाएं : महाराष्ट्र दलित सेवा संघटना के संस्थापक अध्यक्ष सुभाष सरोदे द्वारा मांग

भीमनगर, मई (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
हड़पसर इंडस्ट्रीयल इस्टेट स्थित कैनल के किनारे पाटबंधारे विभाग की जमीन पर बनी सुभाषनगर झोपड़पट्टी को हाल ही में तोड़ दिया गया है, जिसके कारण वहां के 350 झोपड़पट्टीधारक बेघर हो गए हैं। उन्हें झोपड़पट्टी पुनर्वसन प्राधिकरण योजना के अंतर्गत पक्के घर दिए जाएं। यह मांग महाराष्ट्र दलित सेवा संघटना के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुभाष सरोदे द्वारा की गई है।
इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए श्री सुभाष सरोदे ने बताया कि गत 29 अक्टूबर 2021 को औद्योगिक वसाहत हड़पसर स्थित सुभाषनगर में 350 झोपड़ियों व पिंपल बुद्ध विहार पर पाटबंधारे विभाग द्वारा कार्रवाई कर झोपड़ियों को उद्धवस्त कर दिया गया, जिसके कारण लोग बेघर हो गए और पिंपल बुद्ध विहार को तोड़ दिए जाने के कारण सामाजिक भावनाओं को दुख हुआ है। यह बुद्ध विहार उक्त जगह पर 10 वर्षों से था और लोगों का श्रद्धास्थान था। सुभाषनगर के नागरिकों का व्यवसाय कूड़ा-कचरा इकट्ठा करना है, जिससे वे अपना घर-परिवार चलाते हैं। सुभाषनगर में महावितरण ने भी 15 लाख रुपये का डीपी मंजूर किया और प्रत्येक झोपड़ी में मीटर सहित कनेक्शन दिया था। उक्त झोपड़पट्टीधारकों की आर्थिक स्थिति बहुत ही दयनीय है, लोक बेघर हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि खडकवासला से हड़पसर-लोणी तक कैनल के किनारे पाटबंधारे की जमीन पर कुछ बिल्डरों ने बड़ी-बड़ी 14 मंजिली बिल्डिंगें खड़ी कर ली हैं। कुछ जगहों पर कार बाजार, कार पार्किंग, होटल, ढाबे आदि व्यवसाय चालू हैं। गुरुदत्त मंदिर, हनुमान मंदिर, अंबाबाई, येडाई, यल्लम्मा व अनेक झोपड़पट्टियों को पाटबंधारे विभाग द्वारा संरक्षण दिया जा रहा है। हड़पसर औद्योगिक वसाहत स्थित सुभाषनगर में स्थानीय विधायक के राजनीतिक दबाव व उद्योगपति द्वारा की गई शिकायत पर पाटबंधारे प्रशासन ने उक्त कार्रवाई की है। इसके पीछे स्थानीय विधायक की द्वेष भावना है, जिसका परिणाम चुनाव में मतदाता अवश्य दिखाएंगे।
श्री सरोदे ने बताया कि उन्होंने झोपड़ीधारकों को पक्के घर मिलें व पिंपल बुद्ध विहार जहां था उसी जगह पर स्थापित किया जाए, इस आशय का पत्र जलसंपदा मंत्री श्री जयंत पाटिल, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को दिया है। पत्र देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई, परंतु पाटबंधारे प्रशासन ने 350 झोपड़ीधारकों के पुनर्वसन करने के लिए मनपा आयुक्त व जिलाधिकारी को 04 अप्रैल 2022 को पत्र दिया है, इसके बावजूद अभी तक पक्के घर देने का प्रस्ताव मंजूर नहीं किया है। इसके विरोध में गत 25 मई 2022 को पुणे महानगरपालिका पर संघटन द्वारा मोर्चे का आयोजन किया गया। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष श्री नाना पटोले, पुणे शहर अध्यक्ष श्री रमेश बागवे व प्रदेश महासचिव अभय छाजेड़, पूर्व राज्यमंत्री बालासाहब शिवरकर, व पूर्व नगरसेवक अविनाश बागवे की प्रमुख उपस्थिति में 350 लोगोें को पक्के घर मिलें, मनपा आयुक्त व जिलाधिकारी को पत्र दिए हैं।
श्री सुभाष सरोदे ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि गरीब व बेघर लोगों की परेशानी को मद्देनजर रखते हुए बारिश से पहले उन्हें पक्के घर देने की प्रक्रिया शुरू की जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ