महत्वपूर्ण बरामदगी के अपने क्रम को जारी रखते हुए, राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने एक आयातित खेप से 52 किलोग्राम कोकीन बरामद किया है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में 500 करोड़ रुपये से अधिक है।


आंकड़ों की गहन छानबीन और जमीनी स्तर पर निगरानी के आधार पर, डीआरआई द्वारा खुफिया जानकारी का पता लगाया गया था कि ईरान से आयात की जा रही कुछ खेपों में मादक दवाओं के होने की संभावना थी। मादक दवाओं पर रोक लगाने के लिए, डीआरआई द्वारा "ऑपरेशन नमकीन" शुरू किया गया था और एक खेप, जिसमें 25 मीट्रिक टन के कुल वजन वाले सामान्य नमक के 1,000 बैग होने की बात कही गई थी, और जिसे ईरान से मुंद्रा बंदरगाह के जरिये आयात किया गया था, की विस्तृत जांच के लिए पहचान की गई।


उक्त जानकारी के आधार पर 24 से 26 मई 2022 के बीच लगातार तीन दिन तक खेप की जांच की गई । जांच के दौरान, कुछ बैग संदिग्ध पाए गए, क्योंकि इन बैगों में पाउडर के रूप में एक विशिष्ट गंध वाला पदार्थ पाया गया था। उन संदिग्ध बैगों से नमूने लिए गए और इनका गुजरात सरकार के फोरेंसिक साइंस निदेशालय के अधिकारियों द्वारा परीक्षण किया गया। परीक्षण ने इन नमूनों में कोकीन की उपस्थिति की पुष्टि की। डीआरआई ने अब तक 52 किलो कोकीन बरामद किया है। एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत जांच और जब्ती की कार्यवाही जारी है। उक्त आयात खेप में शामिल विभिन्न व्यक्तियों की भूमिका की भी डीआरआई द्वारा जांच की जा रही है।

प्रभावी ढंग से पता लगाने और इस तरह की बरामदगी की डीआरआई की क्षमता भारत की आर्थिक सीमाओं से समझौता करने का प्रयास करने वालों पर रोक लगाने का कार्य करती है। डीआरआई ऐसे अपराधों के अपराधियों के खिलाफ अपनी अथक कार्रवाई जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
0 टिप्पणियाँ