मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति की पहली बैठक संपन्न

सलाहकर समिति के सदस्यों ने दिए अनेक सुझाव : मंडल रेल प्रबंधक रेणु शर्मा ने दिया उचित कार्रवाई का आश्वासन
पुणे, जून (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
पुणे मंडल की नवगठित मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति की पहली बैठक मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आज संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा ने की। बैठक का संयोजन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मिलिंद हिरवे ने किया। बैठक में आए सदस्यों ने यात्री सुविधाओं तथा समस्याओं पर सुझाव दिए, जिन पर विचार-विमर्श किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने इन पर उचित समाधान करने का आश्वासन दिया। 
बैठक में सर्वश्री सुनील मोदी, निखिल काची, गोपाल घनश्यामदास तिवारी, विनीत विलास पाटिल, सुरेश श्रीपति माने, बशीर सुतार, अप्पासाहेब शिंदे, अजीत चौगुले, किशोर धोंडीराम बोरावत,  शिवनाथ बियानी, दिलीप बटवाल आदि सदस्यगण उपस्थित थे। 
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा ने पुणे मंडल पर किये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों, गतिविधियों, यात्री सुविधाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिये तेज गति से कार्य किए जा रहे हैं, पटरियों का उचित मेंटेनेंस, सिग्नल व्यवस्था को और मजबूत बनाने आदि के लिये उपाय किए जा रहे हैं। पुणे रेल प्रशासन यात्रियों को सर्वोत्तम सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए माल गाड़ियों तथा पार्सल गाड़ियों का संचालन पूरी क्षमता से किया जा रहा है।  उन्होंने सदस्यों से रेलवे के विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं के विस्तार, राजस्व जुटाने में अपनी ओर से सार्थक प्रयास कर सहयोग करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने पुणे स्टेशन पर प्रतीक्षालय का विस्तार, यात्रियों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा ऑडिट, कृषि उत्पादों और औद्योगिक खेपों के लिए सुरक्षित और सस्ता परिवहन प्रदान करने, सीसीटीवी कैमरे लगाना, कराड स्टेशन पर मेल / एक्सप्रेस गाड़ियों का स्टॉपेज, सातारा स्टेशन पर पैदल उपरी पुल, तलेगांव स्टेशन पर गाड़ी संख्या 22105 इंद्रायणी और 11009 सिंहगढ़ एक्सप्रेस का स्टॉपेज, तलेगांव स्टेशन पर गुड्स शेड विकसित करना आदि सुझाव दिए। मंडल रेल प्रबंधक ने इस पर उचित कारवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बृजेश कुमार सिंह, श्री प्रकाश उपाध्याय  सहित कई शाखाधिकारी उपस्थित थे। मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री श्याम कुलकर्णी ने आभार प्रकट किया।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ