मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने नामांकन पत्र दाखिल किया

     राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन- एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने आज संसद भवन परिसर में नामांकन दाखिल किया। उन्होंने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा तथा भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और एनडीए सहयोगियों के नेताओं की उपस्थिति में पर्चा भरा।
    श्रीमती मुर्मू ने नामांकन पत्र के चार सेट दाखिल किए। नामांकन पत्र के पहले सेट पर प्रस्‍तावक के रूप में हस्ताक्षर करने वालों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह शामिल हैं। जबकि अन्‍य सेटों पर हस्‍ताक्षर करने वालों में केन्‍द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा शामिल हैं। इससे पहले, भाजपा और एनडीए के नेता संसद भवन परिसर में एकत्र हुए जिनमें वाईएसआर कांग्रेस के विजय साई रेड्डी और बीजू जनता दल नेता सस्मित पात्रा भी थे।
    प्राप्त खबर के अनुसार श्रीमती मुर्मू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार से बात की और उनकी पार्टी का समर्थन मांगा। विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को राष्‍ट्रपति पद के लिए पर्चा भरेंगे। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 29 जून है। मतदान 18 जुलाई को होगा और वोटों की गिनती 21 जुलाई को की जायेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ