मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पांच राज्यों में तीन लोकसभा और सात विधानसभा क्षेत्रों के उप-चुनाव के परिणाम घोषित


     लोकसभा की तीन और विधानसभा की सात सीटों के लिए हुए उप-चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। उत्‍तर प्रदेश में उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने दोनों रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीट जीत ली है। भाजपा के धनश्‍याम सिंह लोधी ने रामपुर सीट पर समाजवादी पार्टी के मोहम्‍मद आसिम रजा को 42 हजार से अधिक वोटों से पराजित किया है। आजमगढ लोकसभा सीट पर भाजपा के प्रत्‍याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ ने आठ हजार से अधिक मतों से जीत हासिल की है। आजमगढ़ सीट समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और रामपुर सीट पार्टी के वरिष्‍ठ नेता आजम खान के इस्‍तीफा के बाद खाली हुई थीं। दोनों नेताओं ने इस वर्ष उत्‍तर प्रदेश विधानसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद इस्‍तीफा दे दिया था।
    पंजाब में शिरोमणि अकाली दल उम्‍मीदवार सिमरन जीत सिंह मान ने संगरूर लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी  के गुरनैल सिंह को पांच हजार 822 वोटों से हराया। दिल्‍ली में राजेन्‍द्र नगर विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के दुर्गेश पाठक ने जीत दर्ज की।
    त्रिपुरा में भाजपा ने विधानसभा की चार सीट में से तीन सीट जीत ली हैं। मुख्‍यमंत्री माणिक साहा ने बारादोवली सेंटर पर कांग्रेस के आशीष साहा को छह हजार से अधिक मतों से हराया। भाजपा की स्‍वप्‍ना दास पॉल ने 46-सूरमा और मलिना देवनाथ ने 57-जुबाराज नगर सीट पर जीत दर्ज की। कांग्रेस के सुदीप रॉय बर्मन 6-अगरतला सीट पर विजयी हुए हैं।
    झारखंड में कांग्रेस की शिल्‍पी नेहा तिर्की ने मांडर विधानसभा सीट जीत ली है। आंध्र प्रदेश में आत्‍मापुर विधानसभा सीट से वाई. एस. आर. कांग्रेस के उम्‍मीदवार मेकापति विक्रम रेड्डी ने 82 हजार आठ सौ 88 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ