मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे एवं सातारा स्टेशनों पर आजादी का अमृत महोत्सव सप्ताह मनाया गया

पुणे, जुलाई (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
पुणे रेल मंडल पर पुणे एवं सातारा रेलवे स्टेशनों पर आजादी का अमृत महोत्सव के 18 से 23 जुलाई तक चलने वाले सप्ताह में  विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा इसका समापन शनिवार को बड़े ही उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
पुणे तथा सातारा में आयोजित कार्यक्रम को वीडियो लिंक के माध्यम से नई दिल्ली में आयोजित  मुख्य  कार्यक्रम से जोड़ा गया। माननीय केंद्रीय संसदीय कार्य, कोयला और खान राज्यमंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने देश के विभिन्न स्टेशनों पर उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवार के साथ वीडियो लिंक के माध्यम से बातचीत की। कार्यक्रम को माननीय रेल, कोयला और खान राज्यमंत्री  श्री रावसाहेब दानवे तथा माननीय रेल और कपड़ा राज्यमंत्री श्रीमती दर्शना जरदोश, माननीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्यमंत्री सुश्री प्रतिमा भौमिक ने भी संबोधित किया।
पुणे स्टेशन पर कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों सर्वश्री दत्तात्रय गणेश जोग, मनोहर श्रीधर घारे, वसंत दत्तात्रय प्रसाद, शिवाजी गोपाजी गोपाले, अरविंद वासुदेव मनोलकर, बालासाहेब बाबूराव जांभूलकर, परांजपे शंकर वासुदेव, गोपाल अनंत शिर्के एवं स्वतंत्रता सेनानी स्व. जनार्दन तांबे की पत्नी श्रीमती प्रभावती, स्वतंत्रता सेनानी स्व. पुरुषोत्तम शहाणे के पुत्र श्री धनंजय को मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणू शर्मा ने शाल, श्रीफल,  पुणेरी पगड़ी पहना कर तथा पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया तथा उन्हें नमन किया। इस अवसर श्रीमती शर्मा ने अपने संबोधन में पुणे  मंडल पर आजादी का अमृत महोत्सव सप्ताह में 18 से 22 जुलाई के बीच जो विविध कार्यक्रम किए गए उनके बारे में विस्तार से जानकारी दी। 

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक अकादमी, स्काउट एवं गाइड द्वारा देशभक्ति पर आधारित शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए तथा अधिकारियों, कर्मचारियों ने भी गीत एवं कविताएं प्रस्तुत की। कार्यक्रम के आयोजन को उपस्थित लोगों, यात्रियों ने खूब सराहा। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रकाश उपाध्याय, स्टेशन डायरेक्टर सुरेशचंद्र जैन सहित कई अधिकारी कर्मचारी, उपस्थित थे। कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मिलिंद हिरवे, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. तुशाबा शिंदे ने किया। संचालन विनीश सक्सेना ने किया। मंडल कार्मिक अधिकारी जे. पी. सिंह ने आभार प्रकट किया।
सातारा में भी इसी प्रकार का एक भव्य कार्यक्रम अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बृजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। यहां पर उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों श्री बालकृष्ण मारुति कोलेकर, शिंदे रामराव कृष्णा तथा पतंगराव भिकोबा फालके को  बृजेशकुमार सिंह ने शाल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया तथा उन्हें नमन किया। इस अवसर पर सातारा स्थित सैनिक स्कूल एवं साधना प्रायमरी स्कूल के विद्यार्थियों ने  देश की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए देशभक्ति पर सुंदर गीत एवं नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए जिसे लोगों, यात्रियों ने खूब पसंद किया। बच्चों द्वारा आकाश में गुब्बारे छोड़े गए। कार्यक्रम का संयोजन मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. रामदास भिसे ने किया।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ