पुणे, अगस्त (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
किसी कारण से रेलवे लाइन पर लोगों के हताहत होने या मरने के मामलों पर वास्तविक एवं उचित रूप से तत्काल कार्रवाई की जरूरत होती है। इस संदर्भ में रेलवे के सभी संबंधित फील्ड स्टॉफ को सजगता से घटना की रिपोर्टिंग कर उसकी आवश्यक पूरी कागजी कार्यवाही करने, उसकी संवेदनशीलता, महत्व तथा मानवीय एवम् कानूनी पहलुओं पर विचार विमर्श के लिए मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार सिंह की पहल पर एक सेमिनार का आयोजन पुणे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में किया गया, जिसमें लोको पायलट, स्टेशन मास्टर, यातायात निरीक्षक, गार्ड, मुख्य लोको निरीक्षक, वाणिज्य निरीक्षक, वाणिज्य लिपिक तथा रेल सुरक्षा बल के सहित 35 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों को काउंसिल कर उचित मार्गदर्शन किया गया।
मध्य रेल मुंबई के उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (कोर्ट) श्री के. जयशंकर, पुणे मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. स्वप्निल निला द्वारा कार्यशाला में उपस्थित कर्मचारियों को किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तैयार किए जाने वाले दस्तावेज बनाते समय ली जाने वाली सावधानियां, उचित रिपोर्टिंग, मानवतापूर्ण व्यवहार तथा रिकार्ड व्यवस्थित रखना आदि के बारे में मार्गदर्शन कर निर्देशित किया गया। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों को सही तरीके से जरूरत पड़ने पर पारदर्शी रूप से रेल प्रशासन की ओर से पक्ष रखने में सहायता मिलती है, साथ ही घटना के वास्तविक पीड़ित को भी तत्काल राहत मिलने में आसानी होती है। कार्यशाला का संयोजन सहायक परिचालन प्रबंधक (कोचिंग) संजय कुमार ने किया।
रेल प्रशासन लोगों से अपील करता है कि वे अनधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पार न करें तथा गाड़ियों में सुरक्षित रूप से यात्रा करें। गाड़ी के पायदान या दरवाजे पर खड़े होकर यात्रा न करें, ऐसा करना जानलेवा होता है।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।


0 टिप्पणियाँ