मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

मध्य प्रदेश के बैतूल में सड़क हादसे में दो बच्‍चों सहित 11 लोगों की मृत्‍यु

    मध्‍यप्रदेश में बैतूल जिले के झालर इलाके में आज तड़के एक सड़क दुर्घटना में दो बच्‍चों सहित ग्‍यारह लोगों की मृत्‍यु हो गई है। पुलिस के अनुसार हादसा बैंसदेही मार्ग पर एक एसयूवी वाहन के खाली बस से टकरा जाने से हुआ। मरने वालों में छह पुरूष, तीन महिलाएं और दो बच्‍चे शामिल हैं। ताजा जानकारी के अनुसार एसयूवी वाहन में सवार श्रमिक  महाराष्‍ट्र के अमरावती से आ रहे थे।  सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर बैतुल के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तुरंत घटना स्‍थल पर पहुंच गए।
    जिलाधीश अमन बीरसिंह बैस ने बताया है कि मृतकों का पोस्‍टमार्टम करके उन्‍हें उनके पैतृक गांव भेजा जा रहा है। संबंधित विभाग को मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि देने के निर्देश दिए गए हैं। मध्‍यप्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सड़क दुर्घटना में लोगों की जान जाने पर दुख व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने प्रत्‍येक मृतक के निकटतम परिजन को दो लाख रूपये और घायल को दस हजार रूपये देने के निर्देश दिए हैं। घायलों का मुफ्त इलाज किया जायेगा। 
    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में सडक दुर्घटना में मारे गये लोगों के प्रति दुख व्‍यक्‍त किया है। उन्होंने पीड़ितों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। श्री मोदी ने एक ट्वीट में शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ