मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

उप-मुख्‍यमंत्री अजीत पवार ने राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अध्‍यक्ष शरद पवार से भेंट की

    महाराष्‍ट्र के उप-मुख्‍यमंत्री अजीत पवार और उनकी राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी गुट के कुछ मंत्रियों ने 16 जुलाई को मुम्‍बई में राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अध्‍यक्ष शरद पवार से भेंट की। श्री शरद पवार से विद्रोह करने के बाद दो जुलाई को एकनाथ शिंदे सरकार में शामिल हुए अजीत पवार के नेतृत्‍व वाले गुट की शरद पवार के साथ यह पहली बैठक है।
    बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता प्रफुल्‍ल पटेल ने बताया कि अजीत पवार के नेतृत्‍व वाले गुट ने इच्‍छा व्‍यक्‍त की कि राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी एक ही पार्टी रहे। उन्‍होंने बताया कि वे श्री शरद पवार से मार्गदर्शन लेने गए थे। हालांकि उन्‍होंने बताया कि श्री पवार ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। अजीत पवार और प्रफुल्‍ल पटेल के साथ हसन मुशरिफ, छगन भुजबल, अदिति तटकरे और दिलीप वाल्‍से पाटिल सहित राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अन्‍य मंत्री भी थे।
    बैठक के बाद शरद पवार समर्थक जयंत पाटिल ने बताया कि विधायकों ने हाल के घटनाक्रम पर खेद व्‍यक्‍त किया। उन्‍होंने बताया कि जिन नौ विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है और जो नेता वर्तमान सरकार में शामिल हुए हैं, वे अचानक श्री शरद पवार से भेंट करने के लिए आ गए। इन विधायकों ने वर्तमान घटनाक्रम पर खेद व्‍यक्‍त करते हुए श्री पवार से मार्गदर्शन करने का आग्रह किया। इस बीच, विपक्षी कांग्रेस और उद्धव ठाकरे के नेतृत्‍व वाली शिवसेना ने मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा आज आयोजित जलपान का बहिष्‍कार किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ