राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण एनआईए ने आईएसआईएस के महाराष्ट्र मॉडयूल मामले में छठी गिरफ्तारी की है। एनआईए ने आकिफ अतीक को आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए आधुनिक विस्फोटक के परीक्षण में शामिल होने और दो अन्य आतंकवादियों के छिपने का प्रबंध करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
आकिफ को अन्य आरोपी जुल्फिकार अली बरोडा वाला, मोहम्मद इमरान खान, मोहम्मद यूनुस साकी और अब्दुल कादिर पठान तथा अन्य संदिग्धों के साथ आतंकी संगठन आईएसआई से जुडी गतिविधियों को बढावा देने में शामिल पाया गया है। सूफा आतंकी गुट के सदस्य इमरान खान और मोहम्मद यूनुस साकी भगोडे हैं और उन्हें एनआईए ने अप्रैल 2022 को राजस्थान में एक कार में विस्फोटक मिलने के मामले में सर्वाधिक वांछित घोषित कर रखा है। एनआईए ने ठाणे के भिवंडी तहसील के बोरीवली में सिलसिलेवार छापेमारी के बाद आकिफ को गिरफ्तार कर लिया। छापे के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज भी बरामद किये गये। एनआईए की जांच के अनुसार आकिफ ने देश की एकता, अखंडता, सुरक्षा और सम्प्रभुता को नुकसान पहॅुचाने और भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बनायी थी।

0 टिप्पणियाँ