मोक्का मामले में एक साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, शरण देने वाला भी पकड़ा गया
पुणे शहर अपराध शाखा की यूनिट 05 ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मोक्का) के तहत दर्ज एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग एक वर्ष से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को आश्रय देने वाले व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, वानवडी पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 526/2025 के तहत मोक्का सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था। इस मामले में वांछित आरोपी रोहित भारत गायकवाड़ (25), निवासी गोसावी वस्ती, हड़पसर, पिछले एक वर्ष से फरार चल रहा था।
पुणे अपराध शाखा यूनिट 05 को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी बारामती तालुका के वाघळवाडी स्थित कडवस्ती इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ऋतिक उर्फ काल्या रंजीत रावळकर (26), निवासी कडवस्ती, वाघळवाडी, को यह जानकारी थी कि रोहित गायकवाड़ एक गंभीर अपराध में फरार है। इसके बावजूद उसने आरोपी को अपने यहां शरण दी।
इसके चलते पुलिस ने ऋतिक रावळकर को भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ