मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

यात्रियों, पर्यटकों, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कोल्हापुर स्टेशन पर नवनिर्मित आधुनिक टॉयलेट काम्प्लेक्स शुरू

पुणे, जनवरी (ह.ए. प्रतिनिधि)

कोल्हापुर स्टेशन पर यात्रियों, पर्यटकों, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्टेशन परिक्षेत्र में एक आधुनिक सुविधायुक्त टॉयलेट काम्प्लेक्स का निर्माण किया गया है, जिसे यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया गया है।
कोल्हापुर स्टेशन पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में कोल्हापुर के माननीय सांसद संजय सदाशिवराव मंडलिक,  विधायक चंद्रकांत पंडित जाधव, मंडल रेल प्रबंधक, श्रीमती रेणू शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील मिश्रा, थायसन क्रूप  के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीइओ विवेक भाटिया, कोल्हापुर नगर निगम के सहायक-आयुक्त संदीप घाडगे, एयरपोर्ट डायरेक्टर कमलकुमार कटारिया की प्रमुख उपस्थिति में थायसन क्रूप द्वारा पुणे मंडल रेल प्रशासन को यह आधुनिक टॉयलेट काम्प्लेक्स सौंपा गया।
इसका निर्माण कॉर्पोरेट सोशल रेस्पोंसिबिलिटी के अंतर्गत थायसन क्रूप  कंपनी के सहयोग से किया गया है। इसे बड़े ही आधुनिक तरीके से बनाया गया है। इसकी बाहरी रूपसज्जा रेल के डिब्बे जैसी की गई  है जो देखने में बहुत ही आकर्षक लगती है।
इस टॉयलेट काम्प्लेक्स में 7 यूरिनल, 8 टॉयलेट और 7 बाथरूम, चेंजिंग रूम  उपलब्ध है, जिसमें पुरुष, महिलाओं तथा दिव्यांगजन हेतु अलग-अलग व्यवस्था की गई है जो उचित वेंटिलेशन और प्रकाश व्यवस्था से सज्जित है। इसके निर्माण में एंटी स्किड टाइल्स का उपयोग किया गया है।
कोल्हापुर एक पर्यटन स्थल एवं तीर्थ क्षेत्र है इस वजह से कोल्हापुर स्टेशन पर यात्रियों का आवागमन लगा रहता है। इस नवनिर्मित काम्प्लेक्स के बन जाने से यात्रियों को अवश्य ही लाभ होगा एवं वे स्टेशन पर उतरकर तैयार होकर सीधे महालक्ष्मी मंदिर एवं शहर दर्शन के लिए निकल सकते हैं।

कोल्हापुर-तिरुपति दैनिक विशेष गाड़ी 
यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने कोल्हापुर -तिरुपति के बीच दैनिक विशेष एक्सप्रेस गाड़ी चलाने का निर्णय लिया है।
दैनिक विशेष एक्सप्रेस गाड़ी सं. 07415 तिरुपति - कोल्हापुर एक्सप्रेस 01 फरवरी से तिरुपति से प्रतिदिन 21.45 बजे रवाना होकर अगले दिन 16.45 बजे कोल्हापुर पहुंचेगी।
दैनिक विशेष एक्सप्रेस गाड़ी सं. 07416 कोल्हापुर- तिरुपति एक्सप्रेस 03 फरवरी से कोल्हापुर से प्रतिदिन 11.40 बजे रवाना होकर अगले दिन 08.00 बजे तिरुपति पहुंचेगी।
रास्ते में यह गाड़ी हातकणंगले, मिरज, कुडची, रायबाग, घटप्रभा, बेलगाव, खानापुर, लोंडा, अलनावर, धारवाड़, हुबली, गदग, कोप्पल, होस्पेट, तोरंगलू, बेल्लारी, गुंतकल, गुत्ती, ताड़ीपत्री, येरगुंटला, कडप्पा तथा रेनिगुंठा स्टेशनों पर रुकेगी। इस गाड़ी में 01 एसी फर्स्ट, 01 एसी टू, 03 एसी थ्री, 12 स्लीपर तथा 02 सेकंड सीटिंग कोच होंगे।
यह विशेष गाड़ी पूरी तरह आरक्षित है तथा यात्रा करने हेतु अग्रिम आरक्षण आवश्यक है। जिन यात्रियों के पास कन्फर्म टिकट होंगे उन्हें ही यात्रा की अनुमति होगी। यात्रियों से अनुरोध है कि कोरोना महामारी के चलते रेल यात्रा हेतु जारी मार्गदर्शक सूचनाओं, जैसे यात्रा के दौरान मास्क पहनना, सोशल डिस्टेंस, सेनिटाइजर का उपयोग आदि का पालन करें।
उपरोक्त विशेष ट्रेन के हाल्ट के विस्तृत समय के लिए, कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in देखें या NTES ऐप डाउनलोड करें। यात्रियों से अनुरोध है कि इस सुविधा का लाभ उठाएँ। यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क कार्यालय द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ