मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

मेधा फाउंडेशन द्वारा ‘आया फिर सुखमय बसंत’ कार्यक्रम का किया गया सफलतापूर्वक आयोजन

कला क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मान्यवरों को किया गया सम्मानित
पुणे, मार्च (ह.ए. प्रतिनिधि)

   आकाशवाणी पुणे केंद्र के पूर्व सहायक निदेशक डॉ. सुनील देवधर द्वारा संचालित  मेधा फाउंडेशन, पुणे द्वारा हाल ही में ‘आया फिर सुखमय बसंत’ का आयोजन यशवंतराव चव्हाण नाट्यगृह, कोथरुड, पुणे में कोविड के सभी सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए किया गया।
मेधा फाउंडेशन द्वारा किया गया यह प्रथम आयोजन था, जिसमें कला क्षेत्र से जुड़े हुए विभिन्न मान्यवरों का सम्मान किया गया। इसमें संगीत (नृत्य) क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाली प्रसिद्ध नृत्यांगना मनीषा ताई साठे, प्रसिद्ध तबलावादक अरविंदकुमार आज़ाद को भूतपूर्व विधायक प्राचार्य मेधा कुलकर्णी द्वारा सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में अन्य प्रतिष्ठित मान्यवर, प्रसिद्ध साहित्यकार और महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के भूतपूर्व अध्यक्ष डॉ. दामोदर खडसे, भूतपूर्व विधायक उल्हासदादा पवार भी उपस्थित थे।
श्रीमती मंजू पेंढारकर ने इस मेधा फाउंडेशन के बारे में विस्तृत जानकारी दी, जबकि श्रीमती दीप्ति पेठे ने कार्यक्रम का संचालन किया। सभी अतिथियों ने इस अवसर पर  अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
इसके पश्चात कार्यक्रम ‘आया फिर सुखमय बसंत’ को प्रस्तुत किया गया, जिसमें प्रसिद्ध कवि- कवयित्री जैसे महादेवी वर्मा, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, निर्मल चंद निर्मल, अंशलाल पन्द्रे, गुणसागर शर्मा और डॉ. सुनील देवधर के गीतों का प्रस्तुतिकरण हुआ। इन सभी गीतों को स्वरबद्ध किया, उभरते संगीतकार राहुल श्रीवास्तव ने, जबकि राजेश दातार, दीपशिखा, विकास भावे, गायत्री सप्रे-ढवळे ने इन गीतों को अपने मधुर स्वर में प्रस्तुत किया। अमित जोशी ने वाद्ययंत्रों पर संगत की, जबकि सिन्थीसाइजर पर रोहित कुलकर्णी ने सुरीला साथ दिया।
कार्यक्रम का प्रारंभ महादेवी वर्मा द्वारा रचित गीत ‘धीरे धीरे उतर क्षितिज से आ बसंत रजनी’ से हुआ। इसके बाद ‘विरह व्याकुल प्रीत जागी आ गया मधुमास, त्याग ने भी लीक त्यागी, आ गया मधुमास; आया फिर सुखमय बसंत, फैली फिर मधुगंध अनंत वासंती मौसम से रंग कुछ उधार लिए;  इस तरह की संगीतबद्ध रचनाओं को दर्शकों ने बहुत सराहा।
सम्पूर्ण कार्यक्रम का संयोजन एवं प्रस्तुतीकरण स्वयं डॉ. सुनील देवधर ने किया। इस कार्यक्रम की फेसबुक पर लाइव स्ट्रीमिंग डॉ. संदीप रतन कांबले द्वारा की गयी। कार्यक्रम के अंत में डॉ. देवधर ने सभी मान्यवरों को इस फाउंडेशन के लिए दी गयी सहायता, समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ