मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

हड़पसर से हैदराबाद के लिए पहली विशेष एक्सप्रेस गाड़ी रवाना

पुणे, जुलाई (ह.ए. प्रतिनिधि)

पुणे रेल मंडल के हड़पसर रेलवे टर्मिनस से एक्सप्रेस गाड़ी चलाने की शुरुआत हो गयी है। हैदराबाद से पहली विशेष गाड़ी शुक्रवार को सुबह अपने समय पर हड़पसर स्टेशन पर आई और 15.30 बजे यहां से वापस अपने गंतव्य हैदराबाद के लिए रवाना की गई। गाड़ी के प्रस्थान के समय पुणे मंडल की मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित थीं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील मिश्रा सहित कई अधिकारी भी उनके साथ थे। श्रीमती शर्मा ने हड़पसर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया तथा जाने वाले यात्रियों से संवाद भी स्थापित किया।
यह त्रि-साप्ताहिक विशेष गाड़ी सं.  07013 हड़पसर-हैदराबाद एक्सप्रेस प्रति मंगलवार, शुक्रवार, रविवार को हड़पसर से 15.30 बजे रवाना होकर अगले दिन  03.35 बजे हैदराबाद पहुंचेगी तथा वापसी में विशेष गाड़ी संख्या 07014 हैदराबाद-हड़पसर एक्सप्रेस प्रति सोमवार, गुरुवार, शनिवार को हैदराबाद से 20.35 बजे रवाना होकर अगले दिन 10.50 बजे हड़पसर पहुंचेगी।
रास्ते में यह गाड़ी दौंड, कुर्डूवाडी, बार्शी टाउन, उस्मानाबाद, लातूर, लातूर रोड, उदगीर, भालकी, बिदर, जहिराबाद, विकाराबाद, लिंगमपल्ली तथा बेगमपेट स्टेशनों पर रुकेगी। इस गाड़ी में एक सेकंड एसी, दो थ्री एसी, 7 स्लीपर तथा 5 द्वितीय श्रेणी सेकंड सीटिंग कोच हैं।
यह विशेष गाड़ी पूरी तरह आरक्षित है तथा यात्रा करने हेतु अग्रिम आरक्षण आवश्यक है। जिन यात्रियों के पास कन्फर्म टिकट होंगे उन्हें ही यात्रा की अनुमति होगी। यात्रियों से अनुरोध है कि कोरोना महामारी के चलते रेल यात्रा हेतु जारी मार्गदर्शक सूचनाओं, जैसे यात्रा के दौरान मास्क पहनना, सोशल डिस्टेंस, सेनिटाइजर का उपयोग आदि का पालन करें। 
उपरोक्त विशेष ट्रेन के हाल्ट के विस्तृत समय के लिए कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in देखें या NTES ऐप डाउनलोड करें। यात्रियों से अनुरोध है कि इस सुविधा का लाभ उठाएँ। यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ