पुणे रेलवे अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित
पुणे, अगस्त (ह.ए. प्रतिनिधि)
पुणे स्थित रेलवे अस्पताल में नया ऑक्सीजन प्लांट लगा दिया गया है। मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा की प्रमुख उपस्थिति में इसे शुरू किया गया। इस प्लांट के शुरू होने से रेलवे अस्पताल की एक बड़ी जरुरत को पूरा करने में मदद मिली है। यह प्लांट हवा से ऑक्सीजन बनाने की अनूठी प्रेशर स्विंग एडसोर्पशन तकनीक पर आधारित है जो एक मिनट में 180 लीटर ऑक्सीजन बनाता है।
इस अवसर पर श्रीमती शर्मा ने कहा कि रेलवे अस्पताल में लगभग 50 बेड्स हैं तथा इस प्लांट के शुरू होने से ऑक्सिजन आपूर्ति में अस्पताल आत्मनिर्भर हो गया है। कठिन परिस्थितियों से निपटने में भी इससे बड़ी मदद मिलेगी तथा रेल अस्पताल में इलाज कराने वाले मरीज निश्चित ही इससे लाभान्वित होंगे।
उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट शीघ्र स्थापित करने में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय आठवले तथा वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक विनोद मीणा द्वारा किए गए विशेष प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय आठवले, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती नीलम चंद्रा, प्रकाश उपाध्याय, डॉ. अविनाश निकालजे, डॉ. अभय कुमार मिश्रा, डॉ. नीति आहूजा, डॉ. नवीन कुमार यादव सहित अन्य डॉक्टर्स तथा कई अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे। यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।
0 टिप्पणियाँ