मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता

दो ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं
नई दिल्ली, अगस्त (पसूका)

सिंधु ने कांस्य पदक के मुकाबले में चीन की ही बिंग जियाओ को 21-13 और 21-15 से हराया।
राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सिंधु को इस शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सिंधु को बधाई देते हुए कहा, आपने इतिहास रच दिया।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक में महिला एकल मैच में कांस्य पदक जीता। पी. वी. सिंधु ने कांस्य पदक मैच में चीन की ही बिंग जियाओ को 21-13 और 21-15 से हराया और इस जीत के साथ सिंधु दो ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। सिंधु ने रियो 2016 में रजत पदक जीता था। पहलवान सुशील कुमार दो ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले और एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर और देश के कोने-कोने से लोगों ने पी. वी. सिंधु को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविन्द ने सिंधु की जीत पर उन्हें बधाई दी। श्री कोविन्द ने ट्वीट किया कि पी. वी. सिंधु दो ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं हैं। उन्होंने निरंतरता, समर्पण और उत्कृष्टता का एक नया पैमाना स्थापित किया है। भारत को गौरवान्वित करने के लिए उन्हें मेरी ओर से हार्दिक बधाई।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सिंधु को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी। श्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट किया कि पी. वी. सिंधु के उत्कृष्ट प्रदर्शन से हम सभी गर्वित हैं। टोक्यो 2020 में कांस्य पदक जीतने पर उन्हें बधाई। वे भारत की गौरव हैं और हमारे सबसे उत्कृष्ट ओलंपिक खिलाड़ियों में से एक हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ