अमृत बहुउद्देश्य संस्था की संस्थापिका अध्यक्षा अमृत पठारे को सामाजिक क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान हेतु ‘उत्कृष्ट कार्य गौरव पुरस्कार’ से सम्मानित करती हुईं अहमदनगर जिला परिषद की सदस्या अनुराधा नागवडे उक्त चित्र में दिखाई दे रही हैं।
हड़पसर, सितंबर (ह.ए.प्रतिनिधि)
श्री शंभु साम्राज्य सेना की ओर से अमृत बहुउद्देश्य संस्था की संस्थापिका एवं अध्यक्षा अमृत पठारे को सामाजिक क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को देखते हुए ‘उत्कृष्ट कार्य गौरव पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है।
श्री शंभु साम्राज्य सेना के प्रथम स्थापना दिन के अवसर विभिन्न सामाजिक पहल का आयोजन शौर्यपीठ तुलापुर में किया गया था। इस पहल में परिसर के एक गरीब परिवार का विवाह समारोह सेना के माध्यम से संपन्न हुआ। साथ ही वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर जैसे सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता पद्मश्री आदर्श सरपंच पोपटराव पवार ने की। इस अवसर पर यहां विधायक निलेश लंके, अहमदनगर जिला परिषद की सदस्या अनुराधा नागवडे, लवले गाव के सरपंच निलेश गावडे, तुलापुर के उपसरपंच नवनाथ शिवले आदि सहित अन्य प्रमुख अतिथिगण उपस्थित थे। इस अवसर पर विविध क्षेत्रों में अहम भूमिका निभानेवाली अनेक हस्तियों को भी विशेष पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।
अमृत बहुउद्देश्य संस्था की संस्थापिका अध्यक्षा अमृत पठारे द्वारा जारी सामाजिक गतिविधियों को देखते हुए उत्कृष्ट कार्य गौरव पुरस्कार हेतु उनका चयन किया गया। आम जनता के लिए मुफ्त स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, दंत व नेत्र चिकित्सा शिविर, अनाथालय एवं वरिष्ठ नागरिकों के आश्रम को नियमित रूप में मदद, रक्तदान शिविर की शुरूआत स्वयं रक्तदान करना, महिलाओं की समस्याओं का समाधान, उन्हें आत्मनिर्भर करना, अन्याय के खिलाफ बोलने के लिए, महिलाओं को आत्मरक्षा सिखाना आदि के साथ हाल ही में हुई भारी बारिश से प्रभावित चिपलूण, सांगली, कोल्हापुर व अन्य क्षेत्रों के बाढ़ पीड़ितों को दी गई मदद, साथ ही कोरोना संक्रमण के कठिन समय में समाज के प्रति उनके द्वारा दिया गया बहुमूल्य योगदान को मद्देनजर रखते हुए उन्हें उत्कृष्ट कार्य गौरव पुरस्कार सेे पुरस्कृत किया गया है।
कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन श्री शंभु साम्राज्य सेना के अध्यक्ष शेखर पाटिल, उपाध्यक्ष आशीष काकडे व उनके सहयोगियों द्वारा किया गया था।

0 टिप्पणियाँ