मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे के घोरपड़ी स्थित डीजल लोको शेड का मंडल रेल प्रबंधक द्वारा किया गया निरीक्षण

डीजल लोको शेड स्थित परीक्षण कक्ष का नामकरण भारत की सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक कल्पना चावला के नाम

पुणे, अक्टूबर (ह.ए. प्रतिनिधि)

पुणे रेल मंडल की मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणू शर्मा ने पुणे के घोरपड़ी स्थित डीजल लोको शेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती नीलम चंद्रा, डीजल लोको शेड के वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर देवेंद्र कुमार त्रिपाठी तथा अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे। श्रीमती शर्मा ने डीजल लोको शेड में डीजल इंजन से संबंधित किए जाने वाले अनुरक्षण तथा रखरखाव के विविध कार्यों का  जायजा लेते हुए गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीजल लोको शेड स्थित परीक्षण कक्ष का नामकरण भारत की  सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक कल्पना चावला के नाम से करने का कार्यक्रम श्रीमती शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस परीक्षण कक्ष में पुर्जों का अनुरक्षण तथा रखरखाव कार्य महिला पर्यवेक्षक और महिला कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा। महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है, जिससे कि महिला कर्मचारियों को प्रेरणा मिले और उनका उत्साहवर्धन हो। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में डीजल शेड की महिला कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।
श्रीमती शर्मा ने यहां प्रयोगशाला में  इलेक्ट्रिक मैग्नेटिक क्रैक डिटेक्टर मशीन का भी उद्घाटन किया। इस मशीन के लग जाने से डीजल इंजन के लोहे के पुर्जों में होने वाले अति सूक्ष्म क्रैक का पता लगाया जा सकेगा, जिससे लोको की विफलता में निश्चित रूप से कमी आएगी।
डीजल लोको शेड के कर्मचारियों के लिए अपने कार्य से संबंधित विषयों पर बात करके सुझाव प्रस्तुत करने के लिए पर्यावरण के सान्निध्य में पेड़ों के बीच चाय पे चर्चा  कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने कर्मचारियों से संवाद किया तथा उनके सुझावों पर सकारात्मक रूप से विचार कर निराकरण का आश्वासन दिया। इस चर्चा के चलते कर्मचारियों के बीच कार्य के प्रति सकारात्मक, सशक्त तथा उत्साहवर्धक वातावरण को और बढ़ाने में सहायता मिली। खुले मंच पर आयोजित इस चर्चा सत्र की मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती शर्मा तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती नीलम चंद्रा ने सराहना की। 
श्रीमती शर्मा ने कर्मचारियों को डीजल इंजन के उत्कृष्ट अनुरक्षण एवं रखरखाव के लिए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ