हड़पसर, नवंबर (ह.ए. प्रतिनिधि)
महान समाजसेवक डॉ. सी. तु. तथा दादा गुजर के नाम से सामाजिक क्षेत्र व चिकित्सा क्षेत्र में अमूल्य योगदान देते हुए समाज कार्य में अहम भूमिका निभानेवालों को महाराष्ट्र आरोग्य मंडल की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता है। वर्ष 2022 के लिए डॉ. सी. तु. तथा दादा गुजर पुरस्कार चिकित्सा क्षेत्र में काम के लिए साने गुरुजी अस्पताल, किनवट जि. नांदेड के डॉ. अशोक बेलखोडे और सामाजिक क्षेत्र में काम के लिए हैप्पी इंडियन विलेज, लातूर के रवि बापटले को घोषित किया गया है। यह जानकारी महाराष्ट्र आरोग्य मंडल के सचिव अनिल गुजर द्वारा दी गई है।
उन्होंने आगे कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. अशोक बेलखोडे नांदेड जिले के किनवट में आदिवासी, बंजारा-बाहुल भाग में स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने का बहुमूल्य सामाजिक कार्य कर रहे हैं। साथ ही सामाजिक क्षेत्र में रवि बापटले एचआईवी बाधित व समाज द्वारा बहिष्कृत किए हुए लोगों के लिए अमूल्य योगदान देते हुए सामाजिक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने एचआईवी यानी हैप्पी इंडियन विलेज का निर्माण किया है।
अंत में अनिल गुजर ने बताया कि यह पुरस्कार डॉ. सी. तु. तथा दादा गुजर के स्मृतिदिन के अवसर पर मार्च 2022 के पहले सप्ताह में पुणे में प्रदान किए जाएंगे।
0 टिप्पणियाँ