पहले चित्र में रेलवे गेट नंबर 7 को यातायात के लिए खोलने की मांग को लेकर किए गए आंदोलन को संबोधित करते हुए पूर्व नगरसेवक फारूक इनामदार, साथ में शहराध्यक्ष प्रशांत जगताप, नगरसेवक योगेश ससाणे, डा.शंतनु जगदाले, कलेश्वर घुले और दूसरे चित्र में मांग का निवेदन पुलिस प्रशासन को देते हुए फारुक नाना इनामदार व प्रशांत जगताप, साथ में नगरसेवक योगेश ससाणे, डा. शंतनु जगदाले, कलेश्वर घुले व अन्य उक्त चित्र में दिखाई दे रहे हैं।
हड़पसर, जनवरी (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क)
रेल पटरी (लोहमार्ग) की मरम्मत का कारण बताकर सैयदनगर रेल्वे फाटक बंद कर दिया गया, लेकिन प्रत्यक्ष रूप से तो रेल पटरी पर मरम्मत का कोई काम शुरू ही नहीं किया गया। रेल प्रशासन द्वारा झूठा कारण बताकर कालेबोराटेनगर की तरह ही यहां का भी रेल गेट बंद करने की नीति इसके पीछे दिखाई देती है। रेल प्रशासन की इस नीति का विरोध करते हुए परिसर की जनता ने सैयदनगर-ससाणेनगर रेल्वेगेट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पूर्व नगरसेवक फारुक नाना इनामदार के नेतृत्व में आंदोलन करते हुए रेल प्रशासन का निषेध किया।
ससाणेनगर-सैयदनगर को जोड़नेवाला रेल्वे फाटक दस दिनों से रेल प्रशासन की ओर से रेल पटरी पर मरम्मत के नाम पर बंद कर दिया गया है, लेकिन यहां कोई भी मरम्मत का काम नहीं किया जा रहा है। यह गेट यातायात के लिए खोल दिया जाए, यह मांग स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ हांडेवाडी व मोहम्मदवाडी रास्ते से आने-जानेवाले नागरिकों ने रेल प्रशासन से की थी। इसके लिए एक सप्ताह पहले यहां सांकेतिक आंदोलन भी किया गया था, हालाँकि प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार का ध्यान देने पर नागरिकों ने फिर से मिलकर पूर्व नगरसेवक फारुक नाना इनामदार के नेतृत्व में आंदोलन किया।
मरम्मत का कारण बताकर 6 से 20 जनवरी तक रेल प्रशासन ने गेट यातायात के लिए बंद कर दिया है, परंतु दस दिन बाद भी गेट पर प्रत्यक्ष रूप में काम नहीं हो रहा है, जिसके कारण त्रस्त जनता ने आंदोलन में शामिल होकर रेल प्रशासन की कड़े शब्दों में अपना निषेध जताया। आन्दोलन में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पुणे शहर के शहराध्यक्ष प्रशांत जगताप, नगरसेवक योगेश ससाणे, पूर्व नगरसेेवक सुनील बनकर, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी हड़पसर विधानसभा चुनाव क्षेत्र के अध्यक्ष डा. शंतनु जगदाले, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के युवा नेता सुफीयान इनामदार, संजय गांधी निराधार योजना महाराष्ट्र राज्य के सदस्य कलेश्वर घुले, बालासाहब ससाणे, प्रणयराजे भोसले आदि सहित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारीगण, कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन में परिसर के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आंदोलन नियोजित होने के कारण सुबह से ही यहां वानवडी व हड़पसर पुलिस के साथ-साथ रेल पुलिस का भी कड़ा बंदोबस्त रखा गया था। रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर के साथ-साथ रेलवे ट्रैक पर भी कई पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। कुछ समय के लिए प्रदर्शनकारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी रेलवे गेट से आने-जाने पर रोक लगा दी गई थी। दरम्यान पूर्व नगरसेवक फारुक नाना इनामदार व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पुणे शहर के शहराध्यक्ष प्रशांत जगताप ने रेलवे फाटक को खोलने के संबंध में रेलवे पुलिस को निवेदन दिया गया, तब उन्होंने कहा कि यह निवेदन रेलवे अधिकारियों को देकर लोगों की भावनाओं से अवगत कराया जाएगा।
रेल प्रशासन ने मरम्मत का झूठा कारण बताकर सैयदनगर रेलवे फाटक को स्थायी रूप से बंद करने का प्रयास शुरू कर दिया है। इसके चलते कर्मचारियों के लिए रोजगार के स्थान तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
वैकल्पिक (पर्यायी) मार्गों से यात्रा करने में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। समय और पैसा खर्च हो रहा है। रिक्शावालों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है, इसलिए हमारी मांग है कि रेलवे फाटक को यातायात के लिए खोल दिया जाए। यह मांग रेल प्रशासन से पूर्व नगरसेवक फारुक नाना इनामदार ने की है।
0 टिप्पणियाँ