25 वर्ष पूर्ण होने पर संस्था द्वारा सामाजिक कार्यकर्ता व पत्रकार सम्मानित
माहेर संस्था की ओर से सामाजिक कार्यकर्ता शैलेंद्र बेल्हेकर, पत्रकार कृष्णकांत कोबल, अशोक बालगुडे और प्रमोद गिरी को पुरस्कार देकर सम्मानित करती हुईं संस्था की संस्थापिका लुसी कुरियन उक्त चित्र में दिखाई दे रही हैं।
हड़पसर, फरवरी (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क)
निराधार महिला व बालकों को आश्रय देकर संभालने के लिए माहेर संस्था की स्थापना हुई है। सेवा कार्य को 25 साल पूर्ण होने जा रहे हैं। कोई भी कार्य एक व्यक्ति द्वारा नहीं किया जा सकता। कई लोग मदद के लिए आगे आए और आज संगठन का काम महाराष्ट्र, झारखंड, केरल, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश तक फैल गया है। यह जानकारी माहेर संस्था की संस्थापिका लुसी कुरियन ने दी।
माहेर संस्था के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता शैलेंद्र बेल्हेकर, पत्रकार कृष्णकांत कोबल, अशोक बालगुडे को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, तब वे बोल रही थीं। इस अवसर पर व्यासपीठ पर अध्यक्षा हीरा बेगम मुल्ला, सचिव डॉ. निकोला पवार प्रमुख रूप से उपस्थित थीं।
लुसी कुरियन ने आगे कहा कि निवासी महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और सशक्तिकरण प्रदान करने के लिए संस्था लगातार काम कर रही है। विदेशी छात्र यहां पढ़ने के लिए आते हैं। हमारा सपना यही है कि सबके पास रहने के लिए घर और पेट भर खाने के लिए खाना होना चाहिए।
0 टिप्पणियाँ