अण्णासाहेब मगर महाविद्यालय में ‘मी कसा घडलो’ विषय पर व्याख्यान किया गया आयोजन
अण्णासाहेब मगर महाविद्यालय व्यावसायिक अभ्यासक्रम विभाग की ओर से आयोजित व्याख्यानमाला का उद्घाटन करते हुए श्री अनिरुद्ध देशपांडे व एडवोकेट संदीप कदम, साथ में एडवोकेट मोहनराव देशमुख, चंद्रकांत निनावे, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर पंडित शेलके व अन्य उक्त चित्र में दिखाई दे रहे हैं।
हड़पसर, अप्रैल (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क)
आज की प्रतिस्पर्धा के युग में अंतर्निहित कौशल के बिना आप इस प्रतियोगिता में खड़ा नहीं हो सकते हैं। उसके लिए नई अवधारणाओं और कुछ नया सीखने हेतु जोखिम उठाने के लिए तैयार रहना होगा। बिना मेहनत के सफलता संभव नहीं। यह विचार अमनोरा टाऊनशिप हड़पसर के व्यवस्थापकीय संचालक श्री अनिरुद्ध देशपांडे ने व्यक्त किए।
अण्णासाहेब मगर महाविद्यालय व्यावसायिक अभ्यासक्रम विभाग की ओर से ‘मी कसा घडलो’ विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया था, तब प्रमुख अतिथि के रूप में वे बोल रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुणे जिला शिक्षण मंडल के मानद सचिव एडवोकेट संदीप कदम ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में पुणे जिला शिक्षण मंडल के कोषाध्यक्ष एडवोकेट मोहनराव देशमुख, व्यवसायिक विभाग के सहसंचालक चंद्रकांत निनावे, अण्णासाहेब मगर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर पंडित शेलके, व्यावसायिक अभ्यासक्रम विभाग के प्रमुख व महाविद्यालय के उपप्राचार्य प्रा. अनिल जगताप आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
आगे बोलते हुए अनिरुद्ध देशपांडे ने कहा कि आज की प्रतियोगिता में नवाचार के बिना अपना अस्तित्व बनाना बहुत मुश्किल है। समय की आवश्यकता को पहचानना और स्वयं को परिपूर्ण करने का प्रयास करना बहुत महत्वपूर्ण है। समय के चरणों को जानने और नई तकनीकों को अपनाने की बहुत आवश्यकता है। जो भी करो दिल से करो, पूरी लगन से करो यानी उस काम की खुशी दोगुनी हो जाएगी।
कार्यक्रम के अध्यक्ष स्थान से बोलते हुए पुणे जिला शिक्षण मंडल के मानद सचिव एडवोकेट संदीप कदम ने कहा कि छात्रों के पीछे मजबूती से खड़े रहनेवाले अगर बहुत सारे हाथ होंगे तो विद्यार्थी कठिनाइयों को पार कर अच्छा कैरियर बना सकते हैं। अच्छा काम करनेवाले लोग कभी खुद की प्रसिद्धि नहीं करते, वे चुपचाप काम करते रहते हैं और समाज को दिशा देते हैं।
कार्यक्रम का प्रास्ताविक महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर पंडित शेलके और सूत्र-संचालन प्राध्यापक नितिन लगड ने किया। कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संयोजन व्यावसायिक अभ्यासक्रम विभाग के प्रमुख व महाविद्यालय के उपप्राचार्य प्रा. अनिल जगताप ने किया।

0 टिप्पणियाँ