मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे रेल मंडल पर ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ पर किया गया अनेक कार्यक्रमों का आयोजन

पुणे, जून (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)

पुणे रेल मंडल पर विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया, जिसमें जागरुकता रैली, क्विज प्रतियोगिता, पथ नाटय, अभंग प्रस्तुति, पोस्टर्स, बैनर्स  आदि के माध्यम से जागरूकता संदेश आदि विभिन्न कार्यक्रम विश्व पर्यावरण दिवस की थीम केवल एक वसुंधरा पर आयोजित किए गए।
मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा की प्रमुख उपस्थिति में पुणे रेलवे स्टेशन के सेकंड एंट्री से बड़ी रैली निकाली गई। इस दौरान  पर्यावरण के संवर्धन एवं प्रदूषण से बचाव के बारे में उद्घोषणाएं, स्लोगन, पोस्टर्स आदि के  माध्यम से रेल कर्मचारियों द्वारा यात्रियों, लोगों का आहवान कर उन्हें इन उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पुणे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम मे संत ज्ञानेश्वर महाराज एवं संत तुकाराम महाराज द्वारा पर्यावरण संवर्धन के बारे में लिखे हुए अभंग को  दर्शानेवाले डिस्प्ले बोर्ड विशेष रूप से बनाए गए थे। पर्यावरण रक्षण, संवर्धन के बारे में जनजागृति लाने हेतु नुक्कड़ नाटक, गाने तथा कीर्तनकारों द्वारा अभंग कीर्तन प्रस्तुत किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती शर्मा तथा उपस्थितों ने प्रभावी प्रस्तुति की सराहना की। इस अवसर पर श्रीमती शर्मा ने कहा कि हमारी एक वसुंधरा ही है जिस पर जीवन अनुकूल पर्यावरण उपलब्ध है इसे हमें नष्ट होने से बचाना होगा। हम अपनी छोटी-छोटी सहभागिता से इसकी रक्षा कर सकते हैं।  गीले, सूखे कचरे को अलग-अलग कर,  प्लास्टिक के  उपयोग से परहेज करके, पानी के अपव्यय को रोककर, वृक्षारोपण करके, वायु प्रदूषण को रोकने के उपाय अपनाकर पर्यावरण की रक्षा कर सकते हैं। इन्हीं बातों से नई पीढ़ी को अवगत कराकर, इसमें उनकी  सहभागिता बढ़ने से जरूर फायदा होगा। इसके साथ ही पर्यावरण संवर्धन के लिए यह सब उपाय, गतिविधियां अपने दैनिक क्रियाकलापों में अमल में लाने पर भी उन्होंने जोर दिया।

अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बृजेश कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मिलिंद हिरवे ने भी पर्यावरण संवर्धन के बारे में अपने  विचार रखे। इस अवसर पर श्रीमती शर्मा एवं अन्य अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम का संयोजन  वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर श्री विजय सिंह दडस, आभार प्रदर्शन स्टेशन डायरेक्टर श्री सुरेशचंद्र जैन तथा सूत्र संचालन राजकुमार घोगरे ने किया।
मंडल के कोल्हापुर, मिरज, सांगली, सातारा आदि विभिन्न स्टेशनों के साथ-साथ डिपो, कारखानों, कार्यालयों, रेलवे कालोनियों तथा रेल परिसरों में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा यात्रियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा इस बारे में दो दिनों तक गतिविधियां चलती रहेंगी। यात्रियों के साथ पर्यावरण एवं  स्वच्छता के बारे में संवाद भी किया गया।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ