पुणे, जुलाई (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
पूरे देशभर में आजादी का अमृत महोत्सव में आयोजित होनेवाले विविध कार्यक्रमों के अनुसरण में पुणे रेल मंडल पर भी इस उपलक्ष्य में 18 से 23 जुलाई तक सप्ताहभर चलनेवाले आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रमों की रंगारंग शुरुआत सोमवार को पुणे तथा सातारा स्टेशनों पर की गई। दोनों ही स्टेशनों को आजादी का अमृत महोत्सव के लोगो, बैनर, पोस्टर, स्टीकर, डिजिटल वाल, लाइटिंग आदि से सजाया गया है। देशभक्ति पर आधारित गीतों की स्वर लहरियों ने इस आयोजन को ओजस्वी बना दिया।
पुणे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक रेणू शर्मा की प्रमुख उपस्थिति में उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया गया। श्रीमती रेणू शर्मा ने उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी श्री प्रसाद वसंत दत्तात्रय, श्री शिवाजी गोपाजी गोपाले तथा स्वर्गीय जनार्दन मारुति तांबे की पत्नी श्रीमती प्रभावतीजी को शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिवादन कर उनके स्वतंत्रता संग्राम के दौरान किए गए योगदान को सराहा। पुणे स्टेशन पर स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े सेनानियों की फोटो गैलरी का भी शुभारंभ किया गया।
श्रीमती रेणू शर्मा ने अपने संबोधन में भारत की उत्कृष्ट विरासत को संजोने में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए उनको नमन किया और नई पीढ़ी को आह्वान किया कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सौहार्द को बनाए रखें।
स्वतंत्रता सेनानी श्री प्रसाद वसंत दत्तात्रय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अपने साथियों को याद करते हुए बलिदानियों को नमन किया तथा भारतीय रेल पर चलाए जाने वाले इस उपक्रम का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग, यात्रीगण, रेलवे के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मिलिंद हिरवे, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. तुशावा शिंदे ने किया। इस अवसर पर मंडल की सांस्कृतिक अकादमी ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसको सभी ने खूब सराहा, इसका संचालन विनीश सक्सेना ने किया।
इसी तरह का कार्यक्रम सातारा स्टेशन पर भी अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बृजेशकुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी श्री आनंद बाला जाधव, श्री गोपालराव पांडुरंग थोरात, श्री शंकर रामचंद्र पवार, पतंगराव भिकोबा फालके, इब्राहिम मेहबूब खान एवं श्री भानुदास ज्ञानू पाटिल को श्री सिंह ने शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। सेल्फी प्वाइंट तथा डिजिटल फोटो गैलेरी का स्वतंत्रता सेनानियों के करकमलों से शुभारंभ किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। सातारा में आयोजित कार्यक्रम का संयोजन मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. रामदास भिसे ने किया।
सप्ताह के दौरान आयोजित होनेवाले विविध कार्यक्रम जिसमें स्टेशनों पर सप्ताह भर लाइटिंग एवं डेकोरेशन, डिजिटल स्क्रीन पर देशभक्ति पर आधारित गीत, संगीत आजादी के महत्व पर ऑडियो, वीडियो का प्रसार, स्टेशनों के इतिहास को अधोरेखित करते हुए नुक्कड़ नाटक, पुणे स्टेशन पर शनिवारवाडा की प्रतिकृति पर लाइट एंड साउंड शो का आयोजन, बैकड्रॉप में आजादी की रेलगाड़ी एवं स्टेशन दर्शाते हुए सेल्फी पॉइंट, गाड़ियों से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों के बारे में लोगों को अवगत कराना, स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी जानकारी, फोटो प्रदर्शनी का आयोजन तथा जनभागीदारी को बढ़ाना आदि कार्यक्रम चलते रहेंगे।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।



0 टिप्पणियाँ