मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

द्रौपदी मुर्मू ने जीता राष्ट्रपति चुनाव : देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी

नई दिल्ली, द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी। 64 प्रतिशत वोटों के साथ उन्होंने राष्ट्रपति का चुनाव जीत लिया है। चुनाव अधिकारी पी सी मोदी ने बताया कि राष्ट्रपति चुनाव में यशवंत सिन्हा को 36 प्रतिशत वोट मिले। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम दिग्गज नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई दी है। राष्ट्रपति चुनाव में उनके प्रतिद्वंदी यशवंत सिन्हा ने भी उन्हें बधाई दी और कहा कि उम्मीद है कि वो बिना डर और पक्षपात के संविधान के संरक्षक रूप में काम करेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घर जाकर द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई दी है। मुर्मू की जीत की घोषणा के बाद एक के बाद एक ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विधायक, मंत्री और झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल बहुत उत्कृष्ट रहा। उन्होंने कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि वह एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति होंगी जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी।” प्रधानमंत्री ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू का जीवन, उनके शुरुआती संघर्ष, उनकी सेवा और उनकी उत्कृष्ट सफलता हर भारतीय को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा, “वह एक उम्मीद की किरण के रूप में उभरी है, खासकर गरीबों, वंचितों और पिछड़ों के लिए।” उनके अलावा, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह भी उन्हें बधाई देने घर पहुंचे हैं। असम, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी द्रौपदा मुर्मू की जीत पर खुशी जताई है। दिल्ली में बीजेपी कार्यालय के बाहर जश्न का माहौल है।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए कुल चार राउंड में वोटों की गिनती हुई। तीसरे राउंड की गिनती में ही द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया था। इसके बाद चौथे और आखिरी राउंड की गिनती हुई, जिसमें अंतर और ज्यादा बढ़ गया। चुनाव में कुल 4754 वोट पड़े थे, गिनती के वक्त वैध 4701 वोट थे, जबकि 53 वोट अमान्य पाए गए। कुल वोटों की वैल्यू 1072377 थी। इनमें द्रौपदी मुर्मू को 2824 वोट मिले, जिनकी वैल्यू 676803 थी। वहीं, यशवंत सिन्हा को 1877 वोट प्राप्त हुए, जिनकी वैल्यू 370177 थी। देश के अगले राष्ट्रपति के तौर पर द्रौपदी मुर्मू के नाम की आधिकारिक घोषणा भी कर दी गई है।
नतीजों के बाद आए वोटिंग चार्ट के मुताबिक, यशवंत सिन्हा तीन राज्यों में अपना खाता भी नहीं खोल पाए। आंध्र प्रदेश, सिक्किम और नागालैंड में उनको एक भी वोट प्राप्त नहीं हुआ। उन्हें सबसे ज्यादा वोट पश्चिम बंगाल और यूपी में मिले। उधर, द्रौपदी मुर्मू को हर राज्य से वोट मिले। सबसे ज्यादा वोट उन्हें यूपी, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश से मिले, जबकि सबसे कम वोट पंजाब और दिल्ली में मिले।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ