मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

75 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए एसटी बस में मुफ्त यात्रा : मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

मुंबई, अगस्त (महासंवाद)
देश के अमृत महोत्सव के अवसर पर राज्य में 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक, लगभग 1.5 लाख वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त यात्रा योजना का लाभ मिलेगा और एसटी की शिवनेरी समेत सभी सेवाओं के लिए यह मुफ्त यात्रा योजना लागू होगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा दी गई है।
विधानमंडल के समिति कक्ष में 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क यात्रा योजना हेतु वरिष्ठ नागरिकों को प्रमाण पत्र वितरण एवं योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के शुभ हाथों किया गया, तब वे बोल रहे थे। यहां कृषि मंत्री अब्दुल सत्तार, विधायक भरत गोगावले, प्रताप सरनाइक, परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आशीष कुमार सिंह, महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम के उपाध्यक्ष और व्यवस्थापकीय संचालक शेखर चन्ने, महाप्रबंधक शिवाजी जगताप, अखिल भारतीय वरिष्ठ नागरिक संघ के उपाध्यक्ष अण्णासाहेब टेकाले इस कार्यक्रम में मौजूद थे।
राज्य परिवहन महामंडल द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के 34 लाख 88 हजार स्मार्ट कार्ड पंजीकृत किए जा चुके हैं। इनमें 75 वर्ष से ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों की संख्या 14 लाख 69 हजार है। वर्तमान में 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को एसटी बसों में यात्रा के लिए 50% छूट दी जा रही है। मुख्यमंत्री श्री शिंदे ने 16 अगस्त, 2022 को राज्य के 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को एसटी बस से मुफ्त यात्रा की घोषणा की थी, जिसे लॉन्च किया गया। इस अवसर पर श्रीमती आनंदी गुरव, रमेश खाड़े, विजय औंधे, बाबाजी चिपलूणकर, चंद्रमोहन परब को प्रतिनिधि के रूप में मुफ्त यात्रा रियायत प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
व्यवस्थापकीय संचालक श्री चन्ने ने अपने प्रास्ताविक में कहा कि इस योजना के तहत, वाहक बस से यात्रा करते समय 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को शून्य मूल्य श्रेणी के टिकट प्रदान करेंगे। विशेष रूप से नि:शुल्क यात्रा की यह रियायत सभी एसटी सेवाओं के साथ-साथ शिवनेरी बस सेवा पर भी लागू होने जा रही है।
रियायत योजना की विशेषताएं : वातानुकूलित, स्लीपर सहित सभी प्रकार की सेवा में रियायत स्वीकार्य है। 65 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को राज्य परिवहन निगम की बस सेवाओं पर 50% की छूट मिल रही है। अब यह छूट वातानुकूलित, स्लीपर और शिवनेरी उच्च श्रेणी की सेवाओं पर भी लागू होगी।
75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक  बस में निशुल्क यात्रा के लिए आधारकार्ड, पैनकार्ड, वाहन लाइसेंस, पासपोर्ट, चुनाव पहचानपत्र व केंद्र और राज्य शासन द्वारा जारी पहचानपत्र वाहक को दिखाने पर निशुल्क टिकट लेकर यात्रा की जा सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ