पुणे, अगस्त (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
रेल प्रशासन ने स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने तथा कैदियों द्वारा तैयार की गई वस्तुओं की बिक्री को प्रोत्साहन मिले इस उद्देश्य से पुणे की येरवडा जेल में कैदियों द्वारा हाथ से बनाई गई बेडशीट को वातानुकूलित डिब्बों में उपयोग करने का निर्णय लिया है I
शुरुआती चरण में 15 अगस्त से मध्य रेल पर चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस में हस्तनिर्मित 89 बेडशीट की आपूर्ति की जा रही है I यात्रियों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर इसे पुणे से रवाना होने वाली पुणे - अहमदाबाद दुरंतो एक्सप्रेस आदि गाड़ियों में भी यात्रियों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराया जाएगा । मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री अनिलकुमार लाहोटी के नेतृत्व में किए गए इस कार्य को प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री ए. के. गुप्ता तथा मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा के मार्गदर्शन में पुणे रेल प्रशासन तथा येरवडा जेल प्रशासन के बीच अनुबंध किया गया है तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर विजयसिंह दडस इस महत्वपूर्ण प्रकल्प पर उचित समन्वय कर सप्लाई सुनिश्चित करने हेतु प्रयासरत हैं।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

0 टिप्पणियाँ