पुणे म्हाडा के 5 हजार 211 घरों की लॉटरी का शुभारंभ
मुंबई, अगस्त (महासंवाद)
आम जनता के घरों के सपने को साकार करने के लिए निर्माण की कीमत पर म्हाडा घर उपलब्ध कराती है, म्हाडा और सिडको के माध्यम से पुलिस वालों के रहने के लिए निवास स्थान और आम जनता को किफायती कीमत पर घर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। यह आश्वासन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिया है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करकमलों द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुणे मंडल, म्हाडा की तरफ से बनाए जाने वाले 5 हजार 211 घरों की लॉटरी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर गृहनिर्माण विभाग के प्रधान सचिव मिलिंद म्हैसकर, म्हाडा के उपाध्यक्ष अनिल डिग्गीकर, नगर विकास विभाग की प्रधान सचिव सोनिया सेठी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री शिंदे ने कहा कि पुणे म्हाडा मंडल के 5 हजार 211 फ्लैटों के लिए 90 हजार से ज्यादा नागरिकों ने आवेदन किया है और 71 हजार से ज्यादा आवेदकों ने डिपाज़िट (अमानत) राशि का भुगतान करके हिस्सा लिया है, यह सरकार और म्हाडा की बढ़ती विश्वसनीयता का एक अच्छा उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आज निकाले गए लॉटरी के फ्लैटों में से तीन हजार घर बनकर तैयार हैं और अगले डेढ़ महीने में उनका वितरण किया जाएगा, जबकि बाकी फ्लैटों का काम एक से डेढ़ साल में पूरा करके उनका भी वितरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अपना स्वयं का घर हर नागरिक का सपना होता है, इस सपने को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी के लिए किफायती आवास की अवधारणा पेश की और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से घर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस अवसर पर सरकारी एजेंसियों को निर्देश देते हुए श्री शिंदे ने कहा कि यह आम जनता की सरकार है, हर नागरिक के मन में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए सरकारी एजेंसियां जोरों के साथ काम करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘सभी के लिए आवास’ अवधारणा को प्रदेश में लागू करने में म्हाडा की एक महत्वपूर्ण और बड़ी भूमिका है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी प्रदेश में विभिन्न आवास परियोजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए म्हाडा के काम की सराहना की।
इस अवसर पर गणमान्य व्यक्तियों के करकमलों द्वारा आवास योजना की जानकारी देने वाली पुस्तिका का विमोचन किया गया।


0 टिप्पणियाँ