मुख्यमंत्री द्वारा फुटबॉल मैदान का किया गया लोकार्पण
हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे फुटबॉल मैदान के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को सम्मानित करते हुए पूर्व नगरसेवक प्रमोद नाना भानगिरे, साथ में उद्योगपति बालासाहेब भानगिरे, अभिमन्यु भानगिरे व अन्य उक्त चित्र में दिखाई दे रहे हैं।
हड़पसर, अगस्त (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क)
हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे फुटबॉल मैदान खिलाड़ियों के लिए एक अद्भुत संजीवनी है। इस मैदान में खेलकर अच्छे खिलाड़ी तैयार होंगे जो आगे चलकर हमारे देश का नाम पूरे विश्व में रोशन करेंगे। खिलाड़ियों में खेल की प्रतिभा व हुनर को तरशाने में अहम भूमिका यह फुटबॉल मैदान निभाएगा। सही मायने में नगरसेवक प्रमोद नाना भानगिरे ने समय की जरूरत को ध्यान में रखते हुए यह मैदान तैयार किया है, जो आज की युवा पीढ़ी के लिए बहुत जरूरी है। यह विचार महाराष्ट्र राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने व्यक्त किए।
शिवसेना के पूर्व नगरसेवक प्रमोद नाना भानगिरे द्वारा हांडेवाडी रोड पर बनाए गए हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे फुटबॉल मैदान का लोकार्पण मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के शुभहाथों किया गया, तब आयोजित समारोह में वे बोल रहे थे। इस अवसर पर यहां विधायक उदय सामंत, तानाजी सावंत, पूर्व सांसद शिवाजीराव आढलराव पाटिल, विजय शिवतारे, शरद सोनावणे, दिलीप लांडे, रमेश कोंडे, सह संपर्क प्रमुख अजय भोसले, सचिव किरण साली, पुणे महानगरपालिका आयुक्त विक्रम कुमार, जिलाधिकारी डॉ. राजेश देशमुख, अतिरिक्त आयुक्त विलास कानडे, प्रांताधिकारी संजय अस्वले, तहसीलदार तृप्ति कोलते पाटिल, उद्योगपति बालासाहेब भानगिरे, संतोष भानगिरे, अभिमन्यु भानगिरे आदि अतिथिगण प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि नाना ने स्वयं खर्चे से निर्माण किए गए उद्यान को मेरा नाम दिया, वह नाना ने मेरे प्यार की खातिर दिया है, मगर नाना को और भी बहुत काम करना है। उक्त उद्यान को धर्मवीर आनंद दिघे का नाम दीजिए। पूर्व नगरसेवक प्रमोद नाना भानगिरे ने इस परिसर में पिछले 15 सालों से जनप्रतिनिधि के रूप में कार्य किया है। सरकार की संजय गांधी निराधार योजना है उसी तरह से हमारे नाना भी अपने जेब से पैसे देते हुए निराधारों को आधार देते आ रहे हैं, जो सही मायने में काबिले तारीफ है।
पूर्व नगरसेवक प्रमोद नाना भानगिरे ने इस अवसर पर कहा कि मैं पहले उद्यान के नामकरण के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पास दिलगिरी व्यक्त करता हूं। नगरविकास मंत्री रहते वक्त आपने मेरे प्रभाग के विकास के लिए जो निधि के माध्यम से हमारी मदद की उसके लिए नागरिकों की ओर से आपका आभार मानता हूं। किसी पद के लालच से मैं आपके साथ नहीं आया हूं, आपका एक समर्थक हूं, इसी रिश्ते से आपके साथ हूं। आखिरी सांस तक आपका समर्थक करता रहूंगा।
आम आदमी की सरकार
यह सरकार किसान, मेहनती वर्ग, कर्मचारी व आम जनता की सरकार है। राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए यह सरकार काम करेगी। आम जनता को खुशी के दिन लाने का काम हमारी सरकार करेगी। हमारी सरकार को जनता का पूरा समर्थन है, आज जब राज्य का दौरा करते हुए उनका प्यार महसूस किया है।
मोहम्मदवाडी का नाम महादेववाडी किया जाए
वर्ष 1995 में प्रस्ताव किया गया है कि मोहम्मदवाडी का नाम महादेववाडी किया जाए, यह स्थानीय नागरिकों की मांग है। साथ ही पीएमपीएमएल के कर्मचारियों को 7वां वेतन आयोग लागू किया जाए। यह मांग पूर्व नगरसेवक प्रमोद नाना भानगिरे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से इस अवसर पर की।

0 टिप्पणियाँ