मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

वानवड़ी में नकली पनीर फैक्ट्री पर कार्रवाई : 3 लाख 29 हजार 254 रुपये का स्टॉक जब्त


पुणे, सितंबर (जिमाका)
खाद्य एवं औषधि प्रशासन कार्यालय की ओर से एक बिना लाइसेंस वाली फैक्ट्री टिपटॉप डेयरी प्रोडक्ट्स पर छापा मारकर नकली पनीर बनाते हुए पाये जाने पर कार्रवाई कर स्टॉक को जब्त कर लिया गया।
फैक्ट्री में छापेमारी की गई तो पता चला कि 800 किलो नकली पनीर बनाया गया था। यह पाया गया कि इस पनीर को बनाने के लिए 350 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर और 270 किलो पामोलिन तेल जमा किया गया था। स्टॉक से निरीक्षण के लिए नमूने लिए गए 1 लाख 67 हजार 790 रुपये मूल्य का 799 किलो पनीर, 1 लाख 21 हजार 800 रुपये मूल्य का 348 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर, 39 हजार 664 रुपये मूल्य का 268 किलो आरबीडी पामोलिन तेल, कुल लागत 3 लाख 29 हजार 254 रुपये का स्टॉक जब्त कर लिया गया।
पनीर जल्द खराब होने वाली वस्तु होने के कारण जब्त किए गए स्टॉक को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। उक्त नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं और रिपोर्ट मिलते ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त बालू ठाकुर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीलेश खोसे की टीम ने यह कार्रवाई की है।
त्यौहारी सीजन में उपभोक्ताओं के साथ ठगी करने और घटिया किस्म की खाद्य सामग्री बेचने की आशंका रहती है। पुणे प्रशासन विभाग के सह आयुक्त संजय नारागुडे ने नागरिकों से अपील की है कि वे टोल फ्री नंबर 1800222365 पर शिकायत दर्ज करें, उनका नाम गुप्त रखा जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ