मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक, दक्षिण कमान, पुणे कार्यालय में हिन्दी पखवाड़ा समापन कार्यक्रम का किया गया आयोजन

पुणे, सितंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक, दक्षिण कमान, पुणे कार्यालय में दिनांक 14/09/2022 से 29/09/2022 तक हिन्दी पखवाड़ा मनाया गया। दिनांक 29/09/2022 को अप. 03.30 बजे हिन्दी पखवाड़े का समापन कार्यक्रम का आयोजन बड़ी ही गर्म जोशी और धूमधाम से किया गया।
उक्त कार्यक्रम में कार्यालय प्रमुख, डॉ राजीव चव्हाण, भा.र.ले.से., रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक महोदय अस्वस्थता के कारण व्यक्तिगत रुप से उपस्थित नहीं हो सके परंतु उनके सुयोग्य मार्गदर्शन के अनुसार श्रीमती पूजा भट, भा.र.ले.से., रक्षा लेखा वरिष्ठ उप नियंत्रक महोदया द्वारा कार्यक्रम की अध्यक्षता की गई। श्रीमती पूजा भट, भा.र.ले.से., रक्षा लेखा वरिष्ठ उप नियंत्रक महोदया का स्वागत श्री ओंकार मोघे, भा.र.ले.से., रक्षा लेखा उप नियंत्रक महोदय द्वारा पुष्पगुच्छ प्रदान कर किया गया। तदुपरांत सभी भा.र.ले.से. अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया।
श्रीमती पूजा भट, भा.र.ले.से., रक्षा लेखा वरिष्ठ उप नियंत्रक महोदया ने अपने अध्यक्षीय भाषण में डॉ. राजीव चव्हाण, भा.र.ले.से.,  रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक महोदय के सार्थक मार्गदशन को सम्पूर्ण श्रेय देते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण व नाविन्यपूर्ण सुझावों के कारण हिन्दी पखवाड़ा सम्पूर्ण संगठन में अत्यंत वैभवशाली रूप से मनाया गया।
उन्होंने आगे यह भी कहा कि हिन्दी के विभिन्न रूपों ने हिन्दी को व्यापकता प्रदान करने और आगे बढ़ाने में अपना विशेष योगदान दिया है। सूचना और प्रौद्योगिकी के इस गति से बदलने वाले युग में हिन्दी ने भी अपने सर्वसमावेशकता गुण को प्रदर्शित कर आधुनिक युग में हर प्रकार की तकनीक के साथ टिके रहने की अपनी विशेष क्षमता का परिचय दिया है। ‘यूनिकोड’ के कारण आई सुलभता को अधोरेखित करते हुए सबको मन लगाकर अपना सम्पूर्ण कार्यालयीन कार्य राजभाषा हिन्दी में करना शुरू करने का आह्वान किया।
हिन्दी पखवाड़े के दौरान आयोजित विविध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को इस अवसर पर पुरस्कार प्रदान किए गए तथा विजेता कवियों की रचनाओं का आस्वाद उपस्थितों ने लिया।
कार्यक्रम के अंत में श्री ओंकार मोघे, भा.र.ले.से., रक्षा लेखा उप नियंत्रक महोदय ने डॉ राजीव चव्हाण, भा.र.ले.से., रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक महोदय के अतुलनीय मार्गदशन को विशेष धन्यवाद देते हुए सभी उपस्थित के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का सूत्र संचालन डॉ. अनिल कुडिया, सहायक निदेशक (राजभाषा) द्वारा  किया गया। हिन्दी में अधिकाधिक कार्य करने के संकल्प के साथ इस कार्यक्रम का समापन किया गया।
यह जानकारी पुणे रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी श्री महेश अय्यंगार द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ