पुणे, अक्टूबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
पुणे रेल मंडल पर 16 सितंबर से 02 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाते हुए व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। शुरूआत में मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणू शर्मा की प्रमुख उपस्थिति में मंडल कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों को एवं स्टेशनों, डिपो में स्टेशन मास्टर, डिपो इन्चार्ज ने कर्मचारियों सहित सफाई कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यस्थलों पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने की शपथ दिलाकर स्वच्छता पखवाड़े का शंखनाद किया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर विजय सिंह दडस के समन्वय में पन्द्रह दिन तक चले इस अभियान के दौरान मंडल पर स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का सफलता पूर्वक संचालन किया गया । प्रतिदिन एक विशेष संकल्पना के साथ इसे किया गया जिसमें स्वच्छता संवाद, स्वच्छ स्टेशन (क्लीन स्टेशन), स्वच्छ रेल गाड़ी (स्वच्छ ट्रेनें), स्वच्छ परिसर , स्वच्छ आहार (स्वच्छ खाद्य पदार्थ), स्वच्छ जल, स्वच्छ प्रसाधन (स्वच्छ शौचालय) और स्वच्छता प्रतियोगिता आदि शामिल किए गए । रेलवे अधिकारियों के साथ-साथ गैर सरकारी संगठनों, सामाजिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया । मंडल के पुणे, शिवाजीनगर, कोल्हापुर, मिरज, सांगली, कराड़, चिंचवड , कई छोटे बड़े स्टेशनों सहित पुणे में ताड़ीवाला रोड, घोरपड़ी स्थित रेलवे कॉलोनी, घोरपडी कोचिंग मेंटेनेंस कॉम्प्लेक्स में स्वच्छता रैली, पोस्टर्स, बैनर्स प्रदर्शन, नुक्कड़ नाटक, वृक्षारोपण, श्रमदान कर गहन सफाई का कार्य किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कनकराय , अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ अभय कुमार मिश्रा एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर विजयसिंह दडस ने ताड़ीवाला रोड स्थित कॉलोनी में रहवासियों तथा कर्मचारियों के साथ संवाद कर 'स्वच्छ परिसर' थीम पर जरूरी निर्देश दिए I
रेलगाड़ियों की पैंट्री कार, स्टेशनों पर स्थित वेंडिंग इकाइयां, रेल अस्पताल, रनिंग रूम पैंट्री, घोरपड़ी कोचिंग डिपो आदि जगहों पर सफाई एवं सैनिटेशन किया गया I पैंट्री में उपयोग की जाने वाली खाद्यसामग्री तथा बनने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गईI
पखवाड़े के दौरान 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शिवाजी नगर स्टेशन पर रेलवे कॉलोनी में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.. एस.. कनकराय, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए. के. मिश्रा तथा स्वास्थ्य अधिकारी डी..पी. गायकवाड सहित कई अधिकारी, कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। एक अन्य कार्यक्रम में पुणे स्टेशन पर स्वच्छता रैली आयोजित की गई जिसमे स्वास्थ्य अधिकारी डी.पी. गायकवाड, स्टेशन प्रबंधक सुनिल ढोबळे तथा स्टेशन पर कार्यरत रेल कर्मचारियों सफाई कर्मियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों और रेल यात्रियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और प्लास्टिक के सीमित प्रयोग का संदेश दिया गया। स्टेशन के नजदीक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास रैली समाप्त हुई जहां पर स्वच्छता जागृति पर आधारित एक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हाउस कीपिंग कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे तथा स्वच्छता शपथ के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ I चिंचवड स्टेशन पर सामाजिक संगठन ने सुंदर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सफाई के लिए जागरूक किया। पुणे मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों, कार्यालयों, कॉलोनियों, रेल अस्पतालों, फूड स्टॉल आदि में गहन स्वच्छता अभियान चलाया गया I
पखवाड़े के दौरान मंडल के सभी अधिकारियों,कर्मचारियों तथा यात्रियों ने सफाई अभियान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेकर इसे सफल बनाया।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।
0 टिप्पणियाँ