मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे रेल मंडल के तीन कर्मचारी ‘महाप्रबंधक सेफ्टी पुरस्कार’ से सम्मानित

पुणे, अक्टूबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री अनिल कुमार लाहोटी ने पुणे रेल मंडल के तीन कर्मचारियों को ‘महाप्रबंधक सेफ्टी पुरस्कार’ से सम्मानित किया, जिसमें तलेगांव के गेटमैन श्री राहुल शिवाजी पोटफोडे, कामशेत के पाइंट्समन श्री सुनील वंजारी तथा पुणे के ट्रेन मैनेजर रविकांत चौबे शामिल हैं। सोमवार को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई में आयोजित एक विशेष समारोह में ड्यूटी के दौरान उनकी सतर्कता, अप्रिय घटनाओं को रोकने में उनके सराहनीय योगदान और ट्रेन संचालन में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह पुरस्कार दिया गया है। पुरस्कार में एक पदक, प्रशस्ति प्रमाण पत्र, अनुकरणीय सेफ्टी कार्य का एक प्रशस्ति पत्र और 2000/- रुपये का नकद पुरस्कार शामिल है। 
श्री राहुल शिवाजी पोटफोडे 9 सितंबर को कामशेत-मलवली के बीच स्थित गेट क्रमांक 42 पर गेटमैन की ड्यूटी पर थे, उस समय उन्होंने वहां से गुजरती हुई गाड़ी संख्या 18520 लोकमान्य तिलक टर्मिनस- विशाखापत्तनम एक्सप्रेस के एस-10 कोच से लोहे की पाइप को लटकते हुए देखा, तत्काल उन्होंने इसकी सूचना कामशेत स्टेशन के स्टेशन मास्टर को दी। कामशेत में इसे ठीक करने के बाद गाड़ी को रवाना किया गया, जिससे एक संभावित दुर्घटना को टाला जा सका। श्री राहुल शिवाजी पोटफोडे को रेल सेवा में 19 वर्ष हुए हैं और कामशेत में पत्नी तथा दो बच्चों के साथ रहते हैं।
श्री सुनील वंजारी 11 सितंबर को  कामशेत में गेटमैन की ड्यूटी पर थे, उसी  दौरान उन्होंने वहां से गुजरती हुई एक मालगाड़ी के इंजन से 11 वें वैगन के एयर रिजर्वायर को लटकते हुए देखा और उन्होंने तुरंत गाड़ी खड़ी करवाई, जिसे कैरेज एवं वैगन विभाग द्वारा ठीक करने के पश्चात गाड़ी को रवाना किया गया। फलस्वरूप एक दुर्घटना  टाली जा सकी। श्री सुनील वंजारी रेल सेवा में 22 वर्ष हुए हैं और नाने गांव में पत्नी तथा तीन बच्चों के साथ रहते हैं।
श्री रविकांत चौबे ने 7 जुलाई को मिरज स्टेशन से गुजरनेवाली एक मालगाड़ी की  वैगन में हॉट एक्सल का पता लगाया तथा इसे उन्होंने तुरंत सभी संबंधितों को ध्यान में लाया, जिसके बाद मिरज में प्रभावित वैगन को गाड़ी से अलग कर मालगाड़ी को रवाना किया गया। उनकी सूझबूझ से एक दुर्घटना को टाला जा सका। श्री रविकांत चौबे को रेल सेवा में 10 वर्ष  हुए हैं और पुणे में पत्नी, दो बच्चों तथा अभिभावकों साथ रहते हैं।
श्री अनिल कुमार लाहोटी ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि पुरस्कार विजेताओं ने एक सराहनीय काम किया है और रेलवे कर्मचारियों द्वारा यात्रियों की सुरक्षा की दिशा में ईमानदारी एवं 24×7 की सतर्कता से किया गया कार्य, दूसरों को भी सदा प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक आलोक सिंह,  मुख्य सेफ्टी अधिकारी डी. वाय. नाईक, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक मुकुल जैन, प्रधान मुख्य इंजीनियर राजेश अरोरा, प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर एन. पी. सिंह तथा अन्य विभागों के प्रधान मुख्य विभागाध्यक्ष उपस्थित थे तथा मध्य रेल के पांचों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक कार्यक्रम में ऑनलाइन शामिल हुए।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ