श्री गडकरी ने कहा कि एनएच-922 पर 1662 करोड़ रुपये की लागत से 44 किलोमीटर लंबा 4-लेन वाला कोइलवर से भोजपुर खंड तैयार किया गया है। एनएच-922 पर 48 किलोमीटर 4-लेन भोजपुर से बक्सर खंड 1728 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। इन दोनों के बनने से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी आसान होगी। इससे बिहार से लखनऊ होते हुए दिल्ली पहुंचना आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली पहुंचने में लगने वाला 15 घंटे का समय अब घटकर 10 घंटे हो जाएगा।

नितिन गडकरी ने बिहार के रोहतास में सोन नदी पर पंडुका के पास 1.5 किलोमीटर लंबे 2-लेन वाले एलिवेटेड पुल का शिलान्यास किया

इस अवसर पर श्री गडकरी ने अपने संबोधन में कहा कि इस पुल के निर्माण से राष्ट्रीय राजमार्ग-19 और राष्ट्रीय राजमार्ग- 39 सीधे जुड़ जाएंगे। पुल के बनने के बाद बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच यातायात का आवागमन सुगम बनेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में रोहतास जिले के पंडुका तथा झारखंड के गढ़वा जिले से श्रीनगर पहुंचने के लिए 150 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, और एलिवेटेड पुल के निर्माण से इस यात्रा समय में क़रीब चार घंटे की बचत होगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब पुल की मदद से डेहरी पुल पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा और औरंगाबाद तथा सासाराम जैसे शहरों को जाम की समस्या से मुक्ति मिल सकेगी।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा कि पंडुका क्षेत्र में इस पुल के बनने से आस-पास के क्षेत्रों व राज्यों के औद्योगिक तथा कृषि और डेयरी उत्पादों के बाजार तक पहुंचने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि इससे समय और ईंधन की भी बचत होगी।
0 टिप्पणियाँ