मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

भारतीय रेल सिविल इंजीनियरिंग संस्थान ने अपना 65वां स्थापना दिवस ‘इरिसेन दिवस’ के रूप में मनाया

पुणे, नवंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
भारतीय रेल सिविल इंजीनियरिंग संस्थान (इरिसेन) ने दिनांक 10 एवं 11 नवंबर, 2022 को 65वां स्थापना दिवस ‘इरिसेन दिवस’ के रूप में मनाया। इरिसेन भारतीय रेल के केंद्रीकृत प्रशिक्षण संस्थानों (CTI) में से एक है। इरिसेन, रेल सेवा जॉइन करने वाले भारतीय रेल इंजीनियरिंग सेवा (IRSE) समूह ‘क’ के अधिकारियों के साथ-साथ भारतीय रेलों में सेवारत अधिकारियों को भी प्रशिक्षण प्रदान करता है। श्री राज कुमार मंगला, सदस्य / इन्फ्रास्ट्रक्चर, रेलवे बोर्ड ने समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर सम्माननीय अतिथि अपर सदस्य सिविल इंजीनियरिंग, रेलवे बोर्ड श्री बृजेश कुमार और अन्य उच्चाधिकारियों ने भी इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्शायी।
संस्थान संघ लोकसेवा आयोग के माध्यम से भर्ती हुए भा.रे.इंजी.सेवा (IRSE)के अधिकारियों को रेल सेवा पूर्व प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ-साथ सेवारत इंजीनियरों एवं रेल पीएसयू इंजीनियरों के लिए रेल इंजीनियरिंग के उभरते क्षेत्रों में उनके ज्ञान एवं कौशल को उन्नत करने के लिए अनेक विशेष पाठ्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।    
‘इरिसेन’ पुणे कोरेगांव पार्क में पर्यावरण अनुकूल प्लैटिनम रेटेड ग्रीन बिल्डिंग में स्थित है, जो रेल अधिकारियों को उन्नत स्तर का प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से लैस है। संस्थान द्वारा वर्ष 2022 में (माह अक्टूबर 2022 तक) 117 पाठ्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें रेल के 1,485 अधिकारियों, पर्यवेक्षकों तथा अन्य संगठनों के अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया।
इस अवसर पर दिनांक 10, नवंबर को निम्नलिखित विषयों पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
1. भारतीय रेल पर 100 कि.मी.प्र.घं. पर 25 टन धुरा भार की मालगाड़ी चलाना।
2. भारतीय रेल पर यात्री गाड़ियों की गति 160 कि.मी.प्र.घं. करना।
3. स्टेशन विकास परियोजना में चुनौतियां एवं नए तकनीकों के उपयोग से उनका निराकरण। 
भारतीय रेलवे द्वारा किए जा रहे उच्च स्तरीय संरचनागत विकास एवं उन्नयन के वर्तमान परिदृश्य में उपरोक्त विषय अत्यंत प्रासंगिक हैं। संगोष्ठी में आई आर एस ई अधिकारियों द्वारा गंभीर चर्चा की गयी एवं मूल्यवान सुझाव दिए गए। 
समारोह के दौरान 25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले वर्ष 1996 बैच के आई. आर. एस. ई. अधिकारियों को सम्मानित किया गया। पिछले वर्ष के दौरान आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को पदक एवं पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ